'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का टीवी का सबसे पसंदीदा और लंबा चलने वाला शो है. ये पिछले 18 सालों से टीवी पर राज कर रहा है. शो के 18वें बर्थडे पर अब 'तारक मेहता...' की पूरी कास्ट और मेकर्स ने जोरों-शोरों से जश्न मनाया. इस खास मौके पर शो के जेठालाल उर्फ दिलीप जोशी ने एक बड़ा खुलासा भी किया है.
अपने रोल के बारे में क्या बोले दिलीप जोशी?
दिलीप जोशी को 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो से घर-घर में तगड़ी पहचान मिली है. शो में जेठालाल के किरदार को काफी पसंद किया जाता है. लेकिन अब शो के 18 साल होने पर दिलीप जोशी ने खुलासा किया कि पहले उन्हें जेठालाल का नहीं, बल्कि उनके पिता चंपकलाल का किरदार ऑफर हुआ था,
शो के प्रोड्यूसर असित मोदी के बारे में बात करते हुए दिलीप जोशी ने कहा- जब असित भाई ने मुझे चंपकलाल या जेठालाल में से एक किरदार चुनने का ऑप्शन दिया था, तो मैंने कहा था कि मैं चंपकलाल नहीं बनूंगा, क्योंकि मैं उस कैरेक्टर स्कैच जैसा बिल्कुल भी नहीं दिखता था.
'मैंने यह भी कहा था कि मैं जेठालाल का रोल भी नहीं चुनूंगा, क्योंकि एक गुजराती मैगजीन में तारक भाई का एक कार्टून छपता था. उसमें दुबले-पतले और घुंघराले बालों वाले आदमी का स्कैच होता था. हालांकि, मैं बचपन से ही वो सब पढ़ता आ रहा था. इसलिए मैंने कहा कि मैं कोशिश करूंगा. लेकिन भगवान की कृपा से, हमारा यह सफर यहां तक पहुंच गया. '
18 साल के सफर पर बोले दिलीप
शो के बारे में बात करते हुए दिलीप जोशी आगे बोले- आज भी कुछ पुराना नहीं लगता. सब नया सा लगता है. अगर हम दिमाग में यह सोचकर चलेंगे कि 18 साल से हम यही कर रहे हैं तो हम कर ही नहीं पाएंगे. आज भी जब घर से शूटिंग के लिए निकलते हैं तो ऐसा नहीं लगता कि अरे 18 साल से हम काम कर रहे हैं, बल्कि ऐसा लगता है कि अब क्या कुछ नया करेंगे.
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' 28 जुलाई 2008 को सब टीवी पर शुरू हुआ था. पिछले 18 सालों से शो की बादशाहत कायम है.