संसद में महिला आरक्षण बिल पर घमासान जारी है. लेकिन अब बॉलीवुड से भी इसे सपोर्ट मिलने लगा है. ‘जन्नत’ फेम बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान गुरुवार को महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भस्म आरती में हिस्सा लिया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. सफेद सूट में सजी सोनल पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आईं.
सोनल किया सपोर्ट
मंदिर दर्शन के बाद सोनल ने मीडिया से बातचीत में महिला आरक्षण बिल को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने सरकार के इस कदम को 'बेहद जरूरी पहल' बताया. सोनल ने कहा- मैं इसका समर्थन करती हूं. हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मुझे खुशी है कि महिलाएं भी इसमें अहम भूमिका निभा रही हैं. सोनल का एक तरफ जहां आध्यात्मिक अंदाज दिखा, तो दूसरी ओर उनके बयान ने सियासी बहस को और तेज कर दिया.
उन्होंने आगे कहा- महिलाएं बेहद शक्तिशाली होती हैं और मुझे अच्छा लग रहा है कि उनके लिए ऐसा महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. हमारे देश में महिलाओं को पूजा जाता है और अब उनके सशक्तिकरण की दिशा में ठोस काम हो रहा है.
महिला आरक्षण बिल पर चर्चा तेज
दरअसल, 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें महिला आरक्षण बिल एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे 'महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम' बताया है.
हालांकि, इस बिल को लेकर सियासी घमासान भी तेज हो गया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसका समर्थन तो किया, लेकिन साथ ही सरकार पर गंभीर सवाल भी उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ओबीसी, दलित और आदिवासी समुदायों के हिस्से में कटौती कर रही है.
राहुल गांधी ने कहा कि बिना जातिगत जनगणना के इस तरह का कानून लाना सही नहीं है और ये पावर ग्रैब की कोशिश हो सकती है. उन्होंने ये भी साफ किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन सामाजिक न्याय से समझौता नहीं किया जाएगा.
जहां एक तरफ फिल्मी दुनिया से सोनल चौहान जैसी हस्तियां इस पहल का समर्थन कर रही हैं, वहीं सियासी गलियारों में इसे लेकर बहस और विरोध तेज होता जा रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि संसद के इस खास सत्र में यह बिल किस दिशा में आगे बढ़ता है.