scorecardresearch
 

काम के लिए परेशान रणवीर, करने वाले थे अक्षय के छोटे भाई का रोल! डायरेक्टर ने रोककर बदल दिया गेम

आज ‘धुरंधर’ से सुपरस्टार बने रणवीर सिंह कभी अक्षय कुमार की ‘पटियाला हाउस’ में छोटे भाई के रोल के लिए ऑडिशन दे रहे थे. वो काम ना मिलने से इतना परेशान थे कि इस सपोर्टिंग रोल के लिए भी तैयार थे. लेकिन डायरेक्टर निखिल आडवाणी ने उन्हें वो मंत्र सिखाया जो 'धुरंधर' में भी है- नजर और सब्र!

Advertisement
X
जब रणवीर सिंह ने अक्षय कुमार की फिल्म के लिए दिया था ऑडिशन (Photo: IMDB)
जब रणवीर सिंह ने अक्षय कुमार की फिल्म के लिए दिया था ऑडिशन (Photo: IMDB)

रणवीर सिंह इन दिनों कामयाबी के उस शिखर पर हैं, जहां पहुंचने के सपने कभी न कभी हर एक्टर देखता है. उनकी फिल्म 'धुरंधर' सिर्फ बॉलीवुड इंडस्ट्री ही नहीं, हिंदी भाषा की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है. 2025 में वो इंडस्ट्री के लिए सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस रेवेन्यू जेनरेट करने वाले स्टार रहे.

'धुरंधर' की धमाकेदार कामयाबी के बाद जनता उन्हें अगला सुपरस्टार कहने लगी है. मगर करियर की शुरुआत में रणवीर भी एक समय काम न मिलने से इतने परेशान थे कि छोटे किरदारों के लिए ऑडिशन दे रहे थे. क्या आप जानते हैं कि करियर के उस शुरुआती दौर में ही रणवीर, एक फिल्म में अक्षय कुमार के छोटे भाई का रोल करने वाले थे?

जब रणवीर ने दिया था अक्षय की फिल्म का ऑडिशन
कई साल पहले डायरेक्टर निखिल आडवाणी, द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में इस बारे में बात कर रहे थे कि एक्टर्स के लिए टैलेंट के साथ-साथ सही फैसले लेना भी कितना जरूरी है.

इसी सिलसिले में उन्होंने रणवीर सिंह का उदाहरण दिया. उन्होंने बताया कि 'बैंड बाजा बारात' में बतौर लीड हीरो डेब्यू करने से पहले रणवीर ने अक्षय कुमार की 'पटियाला हाउस' के लिए भी ऑडिशन दिया था. निखिल ने बताया, 'मुझे याद है कि रणवीर सिंह ने 'पटियाला हाउस' में अक्षय कुमार का छोटा भाई प्ले करने के लिए बहुत बेहतरीन ऑडिशन दिया था. रणवीर उस समय शाद (डायरेक्टर शाद अली) को असिस्ट कर रहे थे, जो मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं.'

Advertisement

अच्छे ऑडिशन के बावजूद निखिल ने रणवीर को नहीं लिया
निखिल को रणवीर का ऑडिशन बहुत पसंद भी आया था. लेकिन उनकी पारखी नजरों ने पहचान लिया था कि उनके सामने एक लीड हीरो खड़ा है, हीरो का छोटा भाई नहीं. निखिल ने आगे बताया, 'उन्होंने आकर सॉलिड ऑडिशन दिया और उनका ऐसा था कि- सर कुछ नहीं हो रहा, मुझे ले लो. मैंने ऑडिशन देखा और उन्हें कहा कि रणवीर बस थोड़ा सब्र रख यार. तेरा वक्त बदलेगा, चांस जरूर मिलेगा.'

निखिल का इनकार शायद रणवीर को उस समय थोड़ा खटका हो क्योंकि वो पूरे जुनून से खुद को साबित करने का मौका खोज रहे थे. लेकिन कुछ ही दिनों बाद रणवीर को सब्र का फल मिला. जैसा कि निखिल ने बताया था, 'फिर कुछ समय बाद उन्होंने मुझे कॉल किया और कहा- सर 'बैंड बाजा बारात' मिल गई है.' जो किरदार 'पटियाला हाउस' में रणवीर के हाथों से निकला, उसे फिर लंदन में पले-बढ़े इंडियन मूल के एक्टर अरमान किरमानी ने निभाया.

ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' में भी रणवीर का किरदार बार-बार खुद को ये याद दिलाता दिखता है कि 'नजर और सब्र' बरकरार रखना है. उनका ये रियल लाइफ किस्सा भी इसी डायलॉग का रियल लाइफ उदाहरण है. रणवीर की बात करें तो वो अब 'धुरंधर 2' में नजर आएंगे जो 19 मार्च को ईद के मौके पर थिएटर्स में पहुंचने वाली है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement