रणबीर कपूर इन दिनों अपनी मेगा बजट फिल्म 'रामायण' को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में फिल्म की टीम सैन डिएगो कॉमिक-कॉन पहुंची, जहां डायरेक्टर नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, रणबीर कपूर और यश ने फिल्म को प्रमोट किया. इसी दौरान रणबीर ने अपनी आने वाली फिल्मों पर भी खुलकर बात की और सालों से चल रही 'धूम 4' वाली अफवाह पर भी बड़ा बयान दे दिया.
'धूम 4' नहीं कर रहा हूं- रणबीर कपूर
एक इंटरव्यू के दौरान होस्ट ने कहा कि यश 'रामायण' के बाद 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' में नजर आएंगे, जबकि रणबीर 'धूम 4' में दिखाई देंगे. इस पर रणबीर ने तुरंत जवाब देते हुए कहा- नहीं, फिलहाल मैं सिर्फ 'रामायण' और 'लव एंड वॉर' पर काम कर रहा हूं. 'लव एंड वॉर' को संजय लीला भंसाली डायरेक्ट कर रहे हैं और ये अगले साल जनवरी में रिलीज होगी.
दिलचस्प बात ये रही कि रणबीर ने अपनी फिल्मों की लिस्ट में 'एनिमल पार्क' का भी जिक्र नहीं किया.
कब शुरू हुई थीं 'धूम 4' की चर्चाएं?
रणबीर कपूर के 'धूम 4' से जुड़ने की खबरें कोई नई नहीं हैं. पिछले कई सालों से ऐसी अफवाहें उड़ रही हैं कि यशराज फिल्म्स इस फ्रेंचाइजी को रणबीर के साथ आगे बढ़ाना चाहता है. साल 2024 में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा को लगता है कि रणबीर इस फिल्म के लिए सबसे फिट हैं. यहां तक कहा गया कि दोनों के बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर लंबी बातचीत भी हुई थी.
इसके बाद जब हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हकीम ने रणबीर के नए लुक की तस्वीरें शेयर कीं, तो सोशल मीडिया पर लोग मान बैठे कि ये लुक 'धूम 4' या 'एनिमल पार्क' के लिए है. फिर 2025 में ऐसी खबरें भी आईं कि फिल्म में विक्की कौशल की भी एंट्री हो सकती है. हालांकि, अब तक यशराज फिल्म्स ने 'धूम 4' को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
'धूम' फ्रेंचाइजी की शुरुआत कब हुई थी?
'धूम' की शुरुआत साल 2004 में हुई थी. फिल्म में अभिषेक बच्चन ने एसीपी जय दीक्षित, उदय चोपड़ा ने अली और जॉन अब्राहम ने चोर कबीर शर्मा का किरदार निभाया था. फिल्म जबरदस्त हिट रही. इसके बाद 2006 में आई 'धूम 2', जिसमें ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय की एंट्री हुई. इस फिल्म ने फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया.
वहीं 2013 में रिलीज हुई 'धूम 3' में आमिर खान डबल रोल में नजर आए थे और उनके साथ कैटरीना कैफ थीं. हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक कमाल नहीं दिखा सकी.
अब भी 'धूम 4' को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बरकरार है, लेकिन रणबीर कपूर के ताजा बयान के बाद इतना साफ हो गया है कि फिलहाल वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं. यानि, 'धूम 4' का इंतजार अभी और लंबा हो सकता है.