ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जल्द ही भारतीय सिनेमा में अपना कमबैक करने को तैयार हैं. फिलहाल उनकी नई फिल्म 'द ब्लफ' अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है. पिक्चर में प्रियंका को दमदार एक्शन अवतार में देखा गया है. इस पाइरेट मूवी में एक्ट्रेस दुश्मनों के छक्के छुड़ातीं और अपने परिवार को बचाती नजर आ रही हैं. पिक्चर में प्रियंका चोपड़ा की परफॉरमेंस जबरदस्त है, जिसकी दुनियाभर में तारीफ भी हो रही है.
हाल ही में प्रियंका अपनी फिल्म 'द ब्लफ' का प्रमोशन करने के लिए फेमस लेट नाइट टीवी शो 'द टुनाइट शो विद जिमी फैलन' पर पहुंचीं. शो पर एक्ट्रेस ने अपनी बेटी मालती मेरी चोपड़ा जोनस के साथ एक प्यारा पेरेंटिंग मोमेंट शेयर किया. शो में प्रियंका ने बताया कि वे अपनी बेटी को मजाक में 'वीयर्ड चाइल्ड' यानी अजीब बच्ची क्यों कहती हैं. उन्होंने फिल्म सेट पर हुई एक घटना को भी शेयर किया.
बेटी को अजीब क्यों कहती हैं प्रियंका?
प्रियंका ने बताया कि एक इंटेंस सीन की शूटिंग के दौरान वे अपने कैरेक्टर के लुक के हिसाब से फेक ब्लड यानी नकली खून से लथपथ थीं. जब मालती ने अपनी मां को उस हालत में देखा, तो वो तुरंत चिंतित हो गई और पूछने लगी कि क्या मां को चोट लगी है. प्रियंका ने बेटी को आश्वस्त किया कि ये सब नकली है और एक्टिंग का हिस्सा है. इसपर मालती के रिएक्शन ने उन्हें हैरान कर दिया. डरने के बजाय नन्ही मालती ने तुरंत मूड बदल लिया और खुद खेलने लगी. उसने फेक ब्लड उठाकर अपने चेहरे पर लगाना शुरू कर दिया. प्रियंका ने हंसते हुए ये कहानी शेयर की कि ये ऐसे अनएक्सपेक्टेड पेरेंटिंग मोमेंट्स में से एक था, जिसने उन्हें दोनों अम्यूज्ड और हैरान कर दिया.
प्रियंका अक्सर अपनी बेटी मालती के प्रीमैच्योर जन्म और उसके बाद की इमोशनल जर्नी के बारे में खुलकर बात करती रही हैं. मालती का जन्म जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए हुआ था. वो प्रीमैच्योर बेबी थीं और उन्हें 100 दिनों से ज्यादा समय NICU (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) में रहना पड़ा था. ये वक्त प्रियंका और उनके पति निक जोनस के लिए बेहद मुश्किल था. प्रियंका ने पहले इसे बहुत चुनौतीपूर्ण बताया था और याद किया था कि नई मां के तौर पर वो कितनी प्रोटेक्टिव महसूस करती थीं.
प्रीमैच्योर पैदा हुई थी मालती
हाल ही में जे शेट्टी की पॉडकास्ट पर प्रियंका ने एक बार इसे लेकर बात की. उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें और उनके पति निक जोनस को मालती के जन्म का ऐलान मजबूरन करना पड़ा था, क्योंकि खबर लीक होने वाली थी, जबकि वे इमोशनली तैयार नहीं थे. उस समय कपल मालती के प्रीमैच्योर पैदा होने के शुरुआती नाजुक दिनों से गुजर रहा था. प्रियंका और निक ने जनवरी 2022 में मालती का स्वागत किया और तब से वे कभी-कभी फैमिली लाइफ के झलकियां शेयर करते हैं. लेकिन ज्यादातर अपनी बेटी की प्राइवेसी बनाए रखते हैं.
'द ब्लफ' की बात करें तो ये एक पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें प्रियंका चोपड़ा लीड रोल में हैं. 19वीं सदी के कैरेबियन में सेट यह फिल्म एक एक्स फीमेल पाइरेट की कहानी है, जिसे अपने अतीत का सामना करते हुए खतरनाक दुश्मनों से लड़ना पड़ता है. फ्रैंक ई फ्लावर्स के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आप प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.