बॉलीवुड इंडस्ट्री में अक्सर कई रिश्ते बनते-बिगड़ते रहते हैं. हर दौर में कलाकारों के बीच रिलेशनशिप की बातें सामने आती रही हैं. 60s के वक्त भी कई सितारों के बीच रिश्ते बने. उनमें से एक लेजेंडरी एक्टर शम्मी कपूर और अदाकारा मुमताज थीं. उनका रिश्ता 1968 में आई फिल्म 'ब्रह्मचारी' से शुरू हुआ था.
क्यों टूटा था शम्मी कपूर-मुमताज का रिश्ता?
शम्मी कपूर की पहली पत्नी गीता बाली का 1965 में निधन हो गया. इसके बाद वो फिल्म 'ब्रह्मचारी' के दौरान मुमताज से मिले. एक्टर उनसे तब शादी करना चाहते थे, जब एक्ट्रेस की उम्र 17-18 थी. मुमताज को भी एक्टर काफी पसंद थे. लेकिन ये शादी कभी हो नहीं पाई. इसका कारण आज से कुछ महीनों पहले मुमताज ने खुद विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर भी बताया था. उन्होंने कहा था कि राज कपूर को इस शादी से ऐतराज था.
मुमताज ने शम्मी कपूर के लिए अपनी फीलिंग्स पर कहा, 'शम्मी कपूर और मैं, दोनों एक-दूसरे की तरफ आकर्षित थे. वो बेहद ही हैंडसम और अट्रैक्टिव आदमी थे, और मुझे वो पसंद थे. इसमें छुपाने की कोई बात नहीं. हालांकि हमारी उम्र में भी 17-18 साल का फर्क था, लेकिन मुझे उसकी परवाह नहीं थी. मैं उनसे शादी करना चाहती थी. मगर नहीं हो पाई.'
'इसके बाद शम्मी जी ने जिससे भी शादी की, वो बहुत ही अच्छी हैं. बहुत अच्छी इंसान और हाउसवाइफ हैं. लेकिन उस दौरान पापाजी (राज कपूर) बहुत सख्त थे. आजकल तो सभी लोग शादी कर रहे हैं. मगर जबतक पापाजी जिंदा थे, वो नियम था कि घर की बहू बाहर काम नहीं करेगी और वो ही फॉलो किया जाता था.'
मुमताज ने इस कारण खोई थी 'मेरा नाम जोकर'
मुमताज ने आगे बताया कि उन्हें शम्मी कपूर संग रिश्ते के कारण राज कपूर की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से हाथ धोना पड़ा था. उन्होंने इस फिल्म के लिए सारे लुक टेस्ट दे दिए थे, लेकिन फिर उन्हें बाहर होना पड़ा. एक्ट्रेस ने कहा, 'मेरा लुक-टेस्ट भी करवाया गया था, और मुझे लग रहा था कि फोटो बहुत अच्छी आई हैं.'
'लेकिन फिर राज जी बोले कि इस किरदार को बहुत छोटे-छोटे कपड़े पहनने पड़ेंगे. उनका कहना था कि अगर तुम हमारी फैमिली में शादी करके आई तो क्या होगा? मैं तुम्हें वो रोल नहीं दे सकता. मैंने उनसे कहा कि हम शादी नहीं कर रहे हैं, और वो शम्मी जी से पूछकर ये बात कन्फर्म कर सकते है. लेकिन वो बहुत टेंशन में थे. कह रहे थे कि अगर फिल्म के बीच में हमारा मन बदल गया तो?'
मुमताज और शम्मी कपूर का रिश्ता काफी कम समय के लिए चला. ब्रेकअप के बाद शम्मी कपूर ने 1969 में नीला देवी से शादी की. वहीं, मुमताज भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ीं और मयूर माधवानी नाम के बिजनेसमैन से 1974 में शादी की, जिनके साथ वो आज भी हंसी-खुशी रहती हैं. उनकी दो बेटियां भी हैं, जिनमें से एक की शादी फरदीन खान से हुई.