मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म 'दो दीवाने सहर में' के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देने को तैयार हैं. दोनों ही एक्टर्स इस पिक्चर का प्रमोशन करने में व्यस्त हैं. हाल ही में मृणाल और सिद्धांत, एक पॉडकास्ट में दिखे. यहां उन्होंने पुरुषों और महिलाओं के प्यार और दिल टूटने पर अलग-अलग रिएक्शन पर बात करते हुए अपनी राय दी. मृणाल ने बताया कि उन्हें पहली नजर में प्यार में विश्वास है, लेकिन सिद्धांत इससे सहमत नहीं हैं.
प्यार में विआश्वास करती हैं मृणाल
MensXP के पॉडकास्ट के एक प्रोमो में मृणाल ने कहा कि वे पहली नजर में प्यार में विश्वास करती हैं. सिद्धांत इससे सहमत नहीं थे. उन्होंने कहा, 'नहीं. पहले होता था. एक ही बार हुआ है, कॉलेज में और उसके बाद नहीं.' जब उनसे पूछा गया कि क्या यह बात सच है कि लड़के अपनी पहली मोहब्बत नहीं भूलते, तो एक्टर ने कहा, 'लड़के अपना कोई सा वाला भी प्यार नहीं भूलते हैं. मुझे लगता है सब याद रहता है.'
उन्होंने प्रोमो में यह भी कहा, 'महिलाएं पुरुषों से तेजी से मूव ऑन कर लेती हैं.' मृणाल ने बीच में टोकते हुए कहा, 'महिलाएं ऐसा दिखाती हैं कि वे ठीक हैं, लेकिन वे कभी मूव ऑन नहीं करतीं. लेकिन जब कोई आदमी मूव ऑन करता है, तो वह सच में मूव ऑन कर जाता है.' सिद्धांत ने मृणाल से असहमति जताई और कहा, 'एक आदमी कभी मूव ऑन नहीं करता... पुरुष हमेशा... अभी भी उसका फोन आ जाएगा ना, मैं चला जाऊंगा.'
मृणाल ठाकुर ने यह भी याद किया कि अपना दिल टूटने के बाद कैसे रोते-रोते सो जाती थीं. हालांकि, उन्होंने पॉप सिंगर रिहाना का एक वीडियो देखने के बाद यह रोक दिया था. दोनों एक्टर्स अपनी नई फिल्म की रिलीज के लिए तैयार हैं. 'दो दीवाने सहर में' का निर्देशन रवि उदयवार ने किया है.
इस दिन रिलीज होगी पिक्चर
संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भारत कुमार रंगा ने इसे प्रोड्यूस किया है. इसे जेड स्टूडियोज और भंसाली प्रोडक्शंस द्वारा रिलीज किया जाएगा. फिल्म 20 फरवरी 2026 को थिएटर्स में आ रही है. बिजी और जादुई शहर में सेट यह कहानी दो घायल आत्माओं की है, जो एक-दूसरे में प्यार पाते हैं.
प्रमोशन्स के दौरान यह भी अफवाहें उड़ी थीं कि मृणाल ठाकुर, साउथ सुपरस्टार धनुष से शादी करने वाली हैं. रिपोर्ट्स में कहा गया था कि एक्ट्रेस 14 फरवरी को शादी करेंगी और वे धनुष को काफी समय से डेटिंग कर रही हैं. हालांकि हाल ही में गलट्टा प्लस के साथ एक चैट में मृणाल ने इन शादी की अफवाहों को खारिज कर दिया था.