ऋतिक रोशन ने साल 2017 में फिल्म काबिल बनाई थी, जो एक सस्पेंस-क्राइम थ्रिलर थी. इसमें वो एक अंधे आदमी का रोल निभाते हैं, जो अपनी पत्नी की मौत का बदला लेता है. फिल्म में उनके साथ यामी गौतम, रोहित रॉय और रोनित रॉय जैसे दमदार कलाकार थे, और ये बॉक्स ऑफिस पर अच्छी चली थी.
फिल्म काबिल में रोहित रॉय विलेन बने थे, और उनका ऋतिक रोशन संग एक दमदार एक्शन सीन भी था. क्लाइमैक्स से ठीक पहले दोनों के किरदारों के बीच जबरदस्त फाइट होती है. हाल ही में रोहित ने ऋतिक संग फिल्म काबिल में काम करने के बारे में कुछ बातें शेयर कीं. उन्होंने बताया कि कैसे ऋतिक ने सेट पर उनका ध्यान रखा, और सीन में खुद को पूरी तरह ढाल लिया.
ऋतिक संग शूट किया फाइट सीक्वेंस
लेहरे रेट्रो को दिए इंटरव्यू में टीवी एक्टर ने कहा- मैं ऋतिक को तब से जानता हूं, जब वो 17 साल के थे. मैं उन्हें सर कहकर नहीं बुलाता. मेरा भाई रोनित रॉय ऐसा करता है, लेकिन मुझे ये काफी अजीब लगता है. ऋतिक मुझे रोहित या कभी-कभी कोको कहकर बुलाते हैं.
एक्शन सीन के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया- अगर फिल्म ढाई घंटे की थी, तो उसमें मेरा क्लाइमैक्स सीन 11 मिनट का था. ये एक पूरा एक्शन सीक्वेंस था, जिसमें मैं ऋतिक को मार रहा था. तभी ऋतिक मेरे पास आए और बोले कि रोहित, तुम हाथ क्यों रोक रहे हो? मैंने उनसे कहा कि भाई, पहली बात तो ये कि आप सुपरस्टार हैं. अगर आपको चोट लग गई तो? दूसरी बात, आप इस फिल्म के प्रोड्यूसर भी हैं. ऐसे में मेरा चेक अटक जाएगा. ये कहते हुए मैं हंसने लगा.
रोहित के मुताबिक, ऋतिक ने उनसे कहा- जब तक तुम मुझे जोर से नहीं मारोगे, तब तक मेरा पलटकर मारने वाला सीन दमदार नहीं लगेगा. मुझे मारो. रोहित बताते हैं कि उन्होंने लगातार 11 मिनट तक ऋतिक को मुक्के मारे और उनके साथ एक्शन सीन शूट किया. वो आगे ये भी बताते हैं कि फिल्म में एक सीन था, जिसमें ऋतिक का किरदार उन्हें डंडे से मारता है और इसके बाद रोहित को जमीन पर गिरना था.
ऋतिक ने दिखाई डेडीकेशन
रोहित ने बताया- एक सीन था, जिसमें ऋतिक सूंघकर पता लगाते हैं कि मैं कहां खड़ा हूं. इसके बाद वो डंडा लेकर मेरी तरफ घूमते हैं और मुझे मारते हैं. इसके बाद मुझे जमीन पर गिरना था. इसे ही डेड फॉल कहते हैं, यानी ऐसा दिखाना कि आप बेहोश हो गए हैं और नीचे गिर पड़े हैं. शॉट के लिए सब कुछ तैयार था और मैं भी सीन करने के लिए पूरी तरह तैयार था. शूटिंग खत्म होने में सिर्फ 15 मिनट बचे थे. तभी ऋतिक आए और उन्होंने पूछा कि सब तैयार है या नहीं.
रोहित ने बताया कि ऋतिक ने उनके आसपास देखा और अचानक पूछा कि रोहित, तुम्हारा क्रैश मैट कहां है? एक्टर को समझ नहीं आया कि ऋतिक क्या पूछ रहे हैं, जिसपर ऋतिक ने जवाब दिया कि हां, तुम्हें गिरना है ना? इसलिए क्रैश मैट की जरूरत है ताकि कोई चोट ना लगे.
लेकिन रोहित ने ऋतिक से कहा कि मैट तो लगाया ही नहीं गया है. अब मैं और क्या कहता? ऋतिक ने असिस्टेंट को बुलाकर पूछा कि मैट क्यों नहीं लगाया गया. असिस्टेंट ने जवाब दिया कि ये सिर्फ एक शॉट है, जिसमें ऋतिक को घूमकर रोहित को डंडे से मारना है. लेकिन ऋतिक ने इस बात को नजरअंदाज नहीं किया. उन्होंने कहा कि रोहित वाइड फ्रेम में दिखाई दे रहे हैं और उन्हें जमीन पर गिरना ही है, इसलिए उनकी सुरक्षा का इंतजाम होना चाहिए.
सेट पर रोहित के लिए अड़े ऋतिक रोशन
रोहित ने आगे बताया कि ऋतिक ने जब फाइट मास्टर के असिस्टेंट को बुलाने के लिए कहा, तो पता चला कि आखिरी शॉट बचा होने की वजह से वो पैकअप करके जा चुका था. शूटिंग खत्म होने का समय नजदीक था, लेकिन ऋतिक ने उन्हें बिना सेफ्टी मैट के शॉट देने से साफ मना कर दिया.
रोहित रॉय ने कहा- ऋतिक रोशन मेरे पास आए और बोले कि रोहित, शॉट मत देना. मैं वहीं रुक गया और संजय गुप्ता की तरफ देखने लगा. संजय अपने फोन में बिजी थे, क्योंकि वो भी ये सब देखना नहीं चाहते थे. इसके बाद ऋतिक ने अपने असिस्टेंट को अपनी वैन में भेजा और कहा कि उनका क्रैश मैट लेकर आएं. वो कह रहे थे कि जब तक मैट नहीं आएगा, रोहित शॉट नहीं देगा.
रोहित ने आगे कहा- इस बात को कई नजरियों से देखिए. वो सुपरस्टार थे और सिर्फ एक शॉट बचा था. वो फिल्म के प्रोड्यूसर भी थे. उन्हें पता था कि समय निकल रहा है और हम सेट पर हैं, फिर भी उन्होंने साफ मना कर दिया. वो एक छोटी-सी गिरने वाली एक्टिंग थी, लेकिन इसमें कंधा खिसकने की भी आशंका हो सकती थी. ऋतिक तब तक वहीं खड़े रहे, जब तक क्रैश मैट नहीं लगा दिया गया. जैसे ही मैट लगाया गया, उन्होंने कहा कि हां, अब हम शॉट के लिए तैयार हैं.