बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' यानी गोविंदा आज इंडस्ट्री में अच्छी फिल्म के लिए स्ट्रगल करते दिख रहे हैं. उन्हें पिछले छह साल से बड़े पर्दे पर नहीं देखा गया है. 90s के सुपरस्टार गोविंदा आज छोटे-मोटे इवेंट्स और फंक्शन में नाचते-गाते दिखते हैं. उन्हें इस तरह देखकर फैंस का दिल टूट सा गया है.
गर्दिश में गोविंदा के सितारे
गोविंदा इंडस्ट्री के उन सितारों में से हैं, जिन्होंने एक वक्त लाइन से कई फिल्में सुपरहिट दीं. आलम ऐसा था कि गोविंदा हर साल लगभग 3-4 फिल्में हिट देते थे, जो महीनों-महीनों तक थिएटर्स में चलती थीं. जैसे आज 'धुरंधर' जैसी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों कमाए, वैसे ही गोविंदा की फिल्में भी करोड़ों कमाती थीं. लेकिन अब वो दूर-दूर तक फिल्मों में कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं.
90s के दौरान गोविंदा सभी के दिलों पर राज करते थे. उनका मुकाबला उस वक्त सिर्फ खुद से होता था. ये वही दौर है, जब गोविंदा की फिल्म के आगे किसी भी दूसरे सितारे की फिल्म नहीं चलती थी. हाल ही में एक्टर का एक बहुत पुराना मैगजीन इंटरव्यू दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गोविंदा उस वक्त के स्टार्स जैसे सलमान खान, शाहरुख खान, अजय देवगन और आमिर खान को लेकर बयान दे रहे हैं.
ये इंटरव्यू 90s के वक्त का है, जब गोविंदा अपने करियर के पीक पर थे. इसमें गोविंदा ने तीनों खान्स और अजय देवगन के स्टारडम पर कमेंट किया था. मैगजीन में गोविंदा की बात को कोट करके लिखा गया, 'देखते हैं आमिर, सलमान, शाहरुख और अजय कब तक टिक पाएंगे.' सिर्फ तीनों खान्स और अजय ही नहीं, गोविंदा ने 'सदी के महानायक' कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन पर भी कमेंट किया था. एक्टर ने कहा था, 'पिछले 10 सालों में अमिताभ ने भी कोई हिट फिल्म कहां दी है?'
जब गोविंदा ने किया था स्टारडम पर कमेंट
ये वो दौर था, जब अमिताभ बच्चन अपने प्रोफेशनल करियर के सबसे खराब वक्त से गुजर रहे थे. हालांकि साल 2000 के बाद, उनकी जिंदगी भी बदली. गोविंदा ने इसी इंटरव्यू में अपने आत्मविश्वास को दिखाते हुए फिल्में हिट देने पर भी बात कही थी. उनका कहना था कि उन्हें अपनी फिल्म हिट कराने में श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित की जरूरत नहीं, जो उस वक्त इंडस्ट्री की टॉप हीरोइन्स में शुमार थीं.
गोविंदा की इन बातों को इतने सालों बाद दोबारा तब वायरल किया गया है, जब उनके सितारे गर्दिश में हैं. एक्टर के आत्मविश्वास पर सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल खड़े किए हैं. इंस्टाग्राम से लेकर X, हर जगह एक्टर की बातों को उनका 'घमंड' बताया जा रहा है, जो उन्होंने अपने करियर के पीक पर दिखाया.
एक यूजर ने लिखा, 'अपने पीक पर, गोविंदा ने एक बार शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और अजय देवगन के करियर की लंबे समय पर सवाल उठाया था. लेकिन सिनेमा और जीवन हमेशा व्यक्तिगत इच्छाओं के अनुसार नहीं चलते. स्टारडम सिर्फ पीक मोमेंट्स के बारे में नहीं है, ये नए सिरे से खुद को गढ़ने, लचीलेपन और लंबे समय तक टिके रहने के बारे में है. समय ने हमेशा की तरह आखिरी फैसला लिया है.' वहीं दूसरे ने लिखा, 'स्टारडम सिर्फ ऊंचाइयों का नहीं, टिके रहने का खेल है. वक्त के साथ वही चमक बनाए रखता है जो खुद को बदलना जानते हैं.'