बॉलीवुड की 'धक-धक गर्ल' माधुरी दीक्षित सालों से फैंस के दिलों पर राज कर रही हैं. वो हिंदी सिनेमा की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार हैं. करियर के पीक पर माधुरी ने 17 अक्टूबर 1999 को भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी रचाई थी. माधुरी और डॉ. श्रीराम नेने आज अपनी 27वीं वेडिंग एनिवर्सरी सेलिब्रेट कर रहे हैं.
माधुरी दीक्षित और डॉक्टर श्रीराम नेने की वेडिंग एनिवर्सरी
शादी की सालगिरह के खास मौके पर डॉक्टर श्रीराम नेने ने अपनी लेडी लव माधुरी के लिए एक खास लविंग पोस्ट शेयर की है. वीडियो पोस्ट में डॉक्टर श्रीराम नेने ने माधुरी संग अपनी शादी की झलक फैंस को दिखाई है. माधुरी साड़ी पहने दिखाई दीं. उन्होंने सिर पर फूलों का सहरा बांधा हुआ है. गले में फूलों की वरमाला भी पहनी हुई है. वहीं, डॉ. श्रीराम नेने कुर्ते पायजामे में दूल्हा बने हुए दिखाई दिए. वो भी सिर पर सहरा बांधे और गले में वरमाला पहने हुए नजर आ रहे हैं.
लेडी लव माधुरी दीक्षित संग शादी की तस्वीरें शेयर करने के साथ डॉक्टर श्रीराम नेने ने अपनी पत्नी के लिए एक लविंग मैसेज भी लिखा है. वो लिखते हैं- मेरे हां कहने के दो दिन बाद हमने परिवार, परंपराओं, आशीर्वाद और हिंदू विवाह के पवित्र वचनों के साथ अपने प्यार का जश्न मनाया था.
'17 अक्टूबर 1999 को हमने जीवन के हर मोड़ पर हर खुशी, चुनौती और सफर में एक-दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का वादा किया था. 27 साल बाद वो सात फेरे हमें उस मुकाम तक ले आए हैं, जिसकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी. प्यार करने वाले दो लोगों से लेकर एक खूबसूरत परिवार और साझा सपनों की जिंदगी तक, यह सफर बेहद शानदार रहा है.'
श्रीराम नेने ने रोमांटिक अंदाज में आगे लिखा- माधुरी आप आज भी मेरी सबसे पसंदीदा इंसान, मेरी सबसे अच्छी दोस्त और मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत सफर हो. आने वाले लाखों कदम भी ऐसे ही साथ मिलकर चलने के नाम.
डॉक्टर श्रीराम नेने की पोस्ट पर फैंस कपल पर प्यार लुटा रहे हैं और उन्हें शादी की सालगिरह की बधाई दे रहे हैं. बता दें कि माधुरी और श्रीराम नेने के दो बेटे हैं. दोनों शादी के 27 साल बाद भी बच्चों संग खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं.