सात फिल्मों का महाक्लैश लेकर आए वीकेंड में, दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा' और कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' भी आमने-सामने थीं. वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर बरसी फिल्मों में से इसके रिव्यू सबसे ज्यादा मजबूत थे. लव स्टोरीज के मास्टर इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' को खूब पॉजिटिव रिव्यूज मिले.
दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी स्टारर यह फिल्म भारत-पाकिस्तान बंटवारे में सेट एक लव स्टोरी है. दूसरी तरफ कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' मुंबई पर 26/11 हमले के बीच अपने पेशेंट्स की जान बचाने वाली नर्सों की कहानी है. दोनों ही फिल्मों को बहुत पॉजिटिव रिव्यू मिले लेकिन बॉक्स ऑफिस पर 'मैं वापस आऊंगा' ज्यादा बेहतर परफॉर्म करती नजर आई.
दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा' शानदार रिव्यूज के साथ रिलीज हुई लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे स्लो शुरुआत मिली. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि शुक्रवार को फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. शुक्रवार को मिला जनता का पॉजिटिव रिस्पॉन्स शनिवार को 60% से ज्यादा जंप लेकर आया और कलेक्शन 1.85 करोड़ रुपये पहुंच गया. संडे को फिर से अच्छे जंप के साथ 2.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन आया. स्लो स्टार्ट के बाद 'मैं वापस आऊंगा' को लगातार ग्रोथ मिली और ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 5.50 करोड़ रुपये रहा.
कंगना की फिल्म ने शुक्रवार को 1 करोड़ रुपये के कलेक्शन से शुरुआत की थी. शनिवार को 1.45 करोड़ रुपये और संडे को 1.80 करोड़ रुपये के साथ 'भारत भाग्य विधाता' को ग्रोथ मिलती नजर आई. ओपनिंग वीकेंड में कंगना की फिल्म को 4.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन मिला. लेकिन यह कलेक्शन थोड़ा और बेहतर हो सकता था क्योंकि 'भारत भाग्य विधाता' और 'मैं वापस आऊंगा' को वीकेंड में मिले शोज की गिनती में बहुत ज्यादा अंतर नहीं था.
'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर को बहुत पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन यह ट्रेलर आया बहुत लेट था. जहां 'मैं वापस आऊंगा' का ट्रेलर 19 मई को रिलीज हुआ था, वहीं 'भारत भाग्य विधाता' का 2 जून को. कंगना की फिल्म को लेट प्रमोशन करने का भी नुकसान हुआ, वरना इसे और बेहतर शुरुआत मिल सकती थी.
'मैं वापस आऊंगा' में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से जुड़ी कहानी होने के कारण जनता ने पहले माहौल चेक करने का वेट किया. जब कंफर्म हो गया कि फिल्म में पॉलिटिक्स का एक छींटा भी नहीं है, तब रिस्पॉन्स अच्छा हुआ. कंगना की फिल्म डिस्कवर करने में भी लोगों को टाइम लगा. लेकिन वीकेंड में मिली ग्रोथ के बाद अब मंडे ही फैसला करेगा कि इन दोनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर क्या भविष्य होगा.