scorecardresearch
 

'धुरंधर 2' के लिए 24 घंटे खुले थिएटर्स, दिन भर में 35 शोज! बना सबसे ज्यादा टिकट सेल का रिकॉर्ड

‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन 16 लाख से ज्यादा टिकट बेचकर नया रिकॉर्ड बना दिया है. हाउसफुल थिएटर्स इस बात का सबूत हैं कि फिल्म एक मेगा सिनेमैटिक इवेंट बन चुकी है. मुंबई में 24 घंटे थिएटर्स खुले हैं, दिल्ली में एक दिन के 35 शोज चल रहे हैं. फिर भी बहुत लोगों को फेवरेट सीट नहीं मिल रही.

Advertisement
X
'धुरंधर 2' का अद्भुत क्रेज! (Photo: Instagram/@officialjiostudios)
'धुरंधर 2' का अद्भुत क्रेज! (Photo: Instagram/@officialjiostudios)

रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' का क्रेज आग की तरह फैल चुका है. लोग जल्द से जल्द फिल्म देख डालना चाहते हैं, ताकि इस कहानी पर चल रही मजेदार बातचीत का हिस्सा बन सकें. मीम्स बना सकें, कहानी पर डिस्कशन कर सकें और सबसे बढ़कर— पिछले कुछ सालों के सबसे बड़े सिनेमैटिक इवेंट का हिस्सा बन सकें.

ये धुआंधार क्रेज, ईद का सेलिब्रेशन बनकर आई 'धुरंधर' के लिए जोरदार एडवांस ईदी लेकर आया है. बॉक्स ऑफिस पर तो फिल्म ने 200 करोड़ से ज्यादा ओपनिंग कलेक्शन के साथ धमाका किया ही है. इसने टिकट सेल का भी तगड़ा रिकॉर्ड बना डाला है.

सबसे ज्यादा टिकट बेचने का रिकॉर्ड
शाहरुख खान की 'जवान' (2023) ने टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुक माय शो पर, पहले दिन के लिए सबसे ज्यादा टिकट बेचने का रिकॉर्ड बनाया था. रिलीज वाले दिन के लिए 10 लाख से ज्यादा टिकट बेचने वाली 'जवान' पहली बॉलीवुड फिल्म बनी थी और पहले दिन के लिए इसके करीब 11 लाख टिकट बुक हुए थे. अब 'धुरंधर 2' ने ये रिकॉर्ड बड़े मार्जिन से तोड़ दिया है.

रणवीर की फिल्म के लिए रिलीज वाले दिन, यानी गुरुवार को 16 लाख से ज्यादा टिकट बिके हैं. ये किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए एक रिकॉर्ड है. बल्कि इंडियन फिल्मों की बात करें तो 'धुरंधर 2' का ये रिकॉर्ड दूसरे नंबर पर है और सिर्फ एक फिल्म से पीछे है— अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2'. जिसके लिए रिलीज वाले दिन 17 लाख से ज्यादा टिकट बुक हुए थे.

Advertisement

24 घंटे चले 'धुरंधर 2' के शोज
'धुरंधर 2' ने टिकट सेल का ये शानदार रिकॉर्ड, उस क्रेज के चलते बनाया है जिसके लिए कई थिएटर्स गुरुवार से ही 24 घंटे खुले हुए हैं. मुंबई में, कंजूरमर्ग के हुमा मॉल का मूवीमैक्स थिएटर बुधवार से ही लगातार खुला है. यहां गुरुवार को 'धुरंधर 2' का आखिरी शो रात 11 बजकर 59 मिनट का था और शुक्रवार के पहले दो शो सुबह 2 बजे और 6 बजे थे. मूवीमैक्स का एसएम 5, कल्याण वाले थिएटर में भी गुरुवार के आखिरी और शुक्रवार के पहले शोज की टाइमिंग यही थीं. ये शो सिर्फ ओपन नहीं थे, इनकी बुकिंग भी बहुत तगड़ी थी.

जहां मुंबई में 'धुरंधर 2' के लिए थिएटर्स 24 घंटे खुले रहे, वहीं दिल्ली एनसीआर में फिल्म के लिए जमकर शोज खुले हैं. नोएडा के मॉल ऑफ इंडिया में पीवीआर सुपरप्लेक्स में शुक्रवार को 'धुरंधर 2' के 37 शोज शेड्यूल थे. नोएडा एक्सटेंशन में यूएस सिनेमाज की एक प्रॉपर्टी में भी शुक्रवार के लिए 37 शोज बुकिंग के लिए अवेलेबल थे.

'धुरंधर 2' के लिए जनता में ऐसा क्रेज है, जो दो-तीन साल में कभी किसी फिल्म के लिए देखने को मिलता है. आदित्य धर की इस दमदार फिल्म में रणवीर सिंह का काम जनता को जमकर थिएटर्स तक खींच रहा है. अब बस ये देखना है कि आने वाले दिनों में 'धुरंधर 2' और क्या धमाके करती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement