रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' का दीवानापन जनता के सिर इस कदर चढ़ा है कि मात्र 4 दिनों में ही इस फिल्म ने कमाई का पहाड़ खड़ा कर दिया है. इन 4 दिनों में 'धुरंधर 2' ने जितनी कमाई की है, वो हिंदी फिल्मों के इतिहास में सिर्फ 8 फिल्में ही कर पाई हैं. सलमान खान, आमिर खान, ऋतिक रोशन, अजय देवगन और अक्षय कुमार जैसे बड़े स्टार्स के लिए इस आंकड़े को छूना भी अभी सपना ही है. सिर्फ पहले वीकेंड में 'धुरंधर 2' ने 450 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर डाला है. और इस ऐतिहासिक आंकड़े के साथ रणवीर की फिल्म ने ऐसे रिकॉर्ड तोड़े हैं, जिनका बनना भी अभी कुछ साल पहले तक सपना लगता था.
हिंदी फिल्मों के इतिहास में सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन
'धुरंधर 2' ने शनिवार को ईद पर टोटल 113 करोड़ नेट कलेक्शन किया था. पहली बार सिर्फ हिंदी वर्जन से किसी फिल्म ने 100 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था. शनिवार के रिकॉर्ड के बाद लगा कि ये फिल्म दोबारा खुद ही शायद इस आंकड़े तक ना पहुंच सके. लेकिन 'धुरंधर 2' तो जैसे नहीं सोची हुई चीजें करने के मिशन पर है.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि 'धुरंधर 2' ने संडे को 114.85 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जो शनिवार से भी ज्यादा है. इसमें हिंदी कलेक्शन का हिस्सा 107 करोड़ के करीब है. बॉक्स ऑफिस के खाते में 'धुरंधर 2' का पहला वीकेंड 4 दिन में 454 करोड़ से ज्यादा नेट इंडिया कलेक्शन लेकर आया है. किसी भी हिंदी फिल्म ने इतनी जल्दी 400 करोड़ नेट कलेक्शन का आंकड़ा नहीं पार किया. 'धुरंधर 2' ने बॉलीवुड के इतिहास में सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन अपने नाम कर लिया है. इससे पहले शाहरुख खान की 'जवान' ने कुल 286 करोड़ का वीकेंड कलेक्शन किया था. इसे 'धुरंधर 2' ने बहुत ज्यादा पीछे छोड़ दिया है.
सिर्फ हिंदी फिल्में देखें तो अब तक सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन, 291 करोड़, साउथ से आई 'पुष्पा 2' के हिंदी वर्जन के नाम था. लेकिन अब 'धुरंधर 2' ने पहले वीकेंड में अल्लू अर्जुन की फिल्म को 100 करोड़ से ज्यादा अंतर से पीछे छोड़ दिया है.
'धुरंधर 2' ने सिर्फ फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन 454 करोड़ से ही KGF 2 के लाइफटाइम हिंदी कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. यश की फिल्म ने हिंदी में कुल 434.70 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन किया था. 'धुरंधर 2' सिर्फ हिंदी वर्जन से करीब 430 करोड़ कलेक्शन कर चुकी है. सोमवार को सुबह के कुछ घंटों में ही 'धुरंधर 2' का सिर्फ हिंदी कलेक्शन, KGF 2 के लाइफटाइम कलेक्शन से ज्यादा हो जाएगा.
हिंदी फिल्मों का सबसे बड़ा सिंगल डे
'पुष्पा 2' (2024) ने जब रिलीज के चौथे दिन हिंदी में 86 करोड़ कलेक्शन किया था, तो लोगों के मुंह खुले रह गए थे. तब तक बहुत लोगों ने ये सोचा तक नहीं था कि कोई हिंदी फिल्म सिर्फ एक दिन में इतना कलेक्शन कर सकती है. 'धुरंधर 2' ने शनिवार को सिर्फ हिंदी में 105 करोड़ नेट कलेक्शन करके 'पुष्पा 2' का रिकॉर्ड बहुत पीछे छोड़ दिया था. अब संडे को 107 करोड़ हिंदी कलेक्शन से 'धुरंधर 2' ने अपना ही रिकॉर्ड और बेहतर कर लिया है.
'धुरंधर 2' ने फर्स्ट वीकेंड में सिर्फ इंडियन बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड ही नहीं तोड़े, बल्कि ये इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर भी चमकती नजर आई. इस वीकेंड रणवीर की फिल्म ने कई हॉलीवुड फिल्मों को पीछे छोड़ा और वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर दूसरी सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई. कॉमस्कोर का डेटा बताता है कि संडे, 22 मार्च को खत्म हुए वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी फिल्म हॉलीवुड स्टार रायन गॉसलिंग की 'प्रोजेक्ट हेल मेरी' रही. इस फिल्म ने करीब 140.98 मिलियन डॉलर का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया.
'धुरंधर 2' इसके बाद दूसरे नंबर पर रही, जिसका टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 81 मिलियन डॉलर रहा. इंडियन करंसी में ये आंकड़ा करीब 760 करोड़ रुपये होता है. ये किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन है.
इंडिया कलेक्शन से लेकर वर्ल्डवाइड कलेक्शन तक 'धुरंधर 2' का टॉप रिकॉर्ड्स तोड़ना इस बात का सबूत है कि जनता इस सीक्वल के लिए कितनी क्रेजी है. आदित्य धर ने 'धुरंधर' को जहां छोड़ा था, उससे आगे देखने की जिज्ञासा इस भीड़ को थिएटर्स तक खींचकर ला रही है. और इस भीड़ को टिकट खरीदने से 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स का इतिहास बदल रही है. वीकेंड में तो फिल्म का भौकाल कमाल कर ही चुका है. अब देखना है कि 'धुरंधर 2' मंडे से शुरू हो रहे वर्किंग डेज़ में क्या पावर दिखाती है.