देश में इस समय जगह-जगह पर आंदोलन हो रहे हैं. बीते दिन 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद की तरफ शांतिपूर्वक मार्च निकाला, जिसमें लाखों स्टूडेंट्स और युवा जनता शामिल हुई. NEET पेपर लीक मामले में ये प्रदर्शन हुआ, जिसमें पुलिस द्वारा कड़े एक्शन लिए गए. प्रदर्शनकारी उग्रवाद ना करें, इसलिए दिल्ली पुलिस ने लाठी चार्ज शुरू किया.
CJP संसद मार्च में प्रदर्शनकारियों को कई लोगों का समर्थन मिला. आंदोलन के दौरान बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी और एक्टर प्रकाश राज भी वहां शामिल थे. बताया जाता है कि इसी बीच शबाना आजमी की तबीयत भी खराब हो गई थी. जब वो वहां मौजूद थीं, तब प्रदर्शनकारी पर लाठी चार्ज किया गया और आंसू गैस फेंके गए. ये मंजर देख सोशल मीडिया पर कई लोगों का गुस्सा फूटा है.
सोनाक्षी का फूटा गुस्सा
बॉलीवुड की तरफ से कई सारे सेलेब्स ने बच्चों पर हुए लाठी चार्ज का खुलेआम विरोध किया है. इसमें सोनाक्षी सिन्हा भी हैं, जिन्होंने अपने इंस्टाग्राम के जरिए इस आंदोलन में हुई घटना की हैरतअंगेज तस्वीरें शेयर कीं. अपनी पोस्ट में एक्ट्रेस ने बच्चों के लिए दुख भी जाहिर किया. सोनाक्षी ने लिखा- 20 जुलाई, कई लोगों की हड्डियां टूटीं और एक पूरे देश का दिल टूटा. याद रखना.
सोनाक्षी उन बॉलीवुड सेलेब्स में से हैं जो कुछ वक्त से CJP आंदोलन का समर्थन करती नजर आ रही हैं. जब साइंटिस्ट सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे थे, तब एक्ट्रेस ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए थे. फिर उन्होंने इस CJP संसद मार्च का समर्थन किया था और लाखों युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी थी.
सोनाक्षी सिन्हा का CJP आंदोलन में समर्थन देखकर कई लोगों को उनपर गर्व महसूस हुआ था. यहां तक कि उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा भी इस बात से खुश थे कि उनकी बेटी इसमें अपना सपोर्ट दे रही हैं.
क्या है CJP की मांग?
NEET पेपर लीक मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही है. इस वजह से सोनम वांगचुक भी 21 दिन तक जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे. लेकिन फिर 18 जुलाई को उन्हें सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किया गया. उनकी बिगड़ती तबीयत और हाई कोर्ट के निर्देश अनुसार के कारण पुलिस ने ऐसा कदम उठाया था.