बॉलीवुड के 'हीमैन' कहे जाने वाले लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं हैं. मगर उनसे जुड़ी बातें अक्सर सामने आती रहती हैं. उनके बेटे सनी और बॉबी देओल अपने पिता को याद कर इमोशनल हो ही जाते हैं. बॉबी ने हाल ही में अपने पिता धर्मेंद्र से जुड़ी कई सारी बातें की हैं.
बॉबी देओल शेखर सुमन के नए टॉक-शो शेखर टूनाइट में पहुंचे, जिसका टीजर भी सामने आया. शो पर शेखर ने एक्टर से उनके बॉलीवुड कमबैक को लेकर कई सारे सवाल किए. इसी बीच बॉबी से उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म एनिमल को लेकर भी पूछा गया, जिसमें उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र का रिएक्शन शेयर किया.
एनिमल देखकर क्या बोले थे धर्मेंद्र?
फिल्म एनिमल में बॉबी मेन विलेन अबरार बने थे, जिसके लिए उन्होंने अच्छी-खासी बॉडी भी बनाई थी. 3 घंटे की फिल्म में एक्टर का स्क्रीनटाइम मुश्किल से 30 मिनट था. लेकिन उन्होंने उतने टाइम में ऐसी छाप छोड़ी कि आज हर कोई उन्हें उसके लिए याद रखता है. बॉबी को एनिमल की सक्सेस के बाद 'लॉर्ड बॉबी' भी कहा जाने लगा था.
शेखर सुमन के शो पर बॉबी ने एनिमल फिल्म पर कहा- जब मेरे पापा ने एनिमल देखी, तो उन्होंने मुझसे पूछा कि तू विलेन है? मैंने कहा हां, पापा लेकिन अच्छा रोल है. बाद में जब फिल्म हिट हुई, तो पापा ने गर्व से मुझे कहा कि तू अब लॉर्ड बॉबी बन गया है.
एक्टर ने आगे एनिमल में रोल मिलने की कहानी भी सुनाई. बॉबी देओल ने कहा कि उन्हें डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा का कॉल आया था, जिन्होंने उनकी एक तस्वीर देखी थी. उसमें बॉबी के एक्सप्रेशन देखकर वांगा बड़े इंप्रेस हुए और फिर उन्होंने एक्टर को कास्ट करने का फैसला किया.
बॉबी देओल ने एनिमल फिल्म के बाद कई सारी फिल्मों/वेब सीरीज में काम किया, जिसके कारण वो अब इंडस्ट्री के सबसे बिजी एक्टर में से एक बन गए हैं. उनकी दो नई फिल्में रिलीज होने को तैयार है. 5 जून को बॉबी की फिल्म बंदर आएगी, जिसे अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है. इसके बाद जुलाई में वो स्पाई यूनिवर्स की फिल्म आल्फा में दिखेंगे, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ होंगी.