बॉलीवुड एक्ट्रेस भाग्यश्री इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. वीडियो में वो कड़ी धूप के बीच एक दुकान पर लस्सी ट्राय करती नजर आती हैं. कैमरे के सामने वो बड़े प्यार से एक चम्मच लस्सी पीती हैं और लोगों से भी गर्मी में लस्सी पीने की सलाह देती हैं.
लेकिन जैसे ही वीडियो खत्म होता है, भाग्यश्री लस्सी का गिलास अपने बॉडीगार्ड को थमा देती हैं और कहती हैं- बहुत चीनी है. इसके बाद दुकानदार का धन्यवाद अदा कर चल देती हैं. बस यही क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और कई यूजर्स ने उन पर 'सिर्फ कैमरे के लिए दिखावा' करने का आरोप लगा दिया.
वायरल VIDEO पर दी सफाई
लगातार ट्रोल होने के बाद भाग्यश्री ने सोशल मीडिया पर लंबा नोट लिखकर अपनी सफाई दी. एक्ट्रेस अपना वर्जन दिखाते हुए उसी वीडियो शेयर किया लेकिन लास्ट के पार्ट को काट दिया. इसी के साथ कैप्शन में लिखा- उस दिन मैं सुबह 3 बजे से जागी हुई थी. सबसे पहले मंगला आरती में शामिल हुई और फिर भीषण गर्मी में गंगा घाटों पर पैदल चली. ऐसे में लस्सी मेरे लिए एनर्जी बूस्टर की तरह थी.
भाग्यश्री ने लिखा कि लस्सी पर डाले गए ड्राई फ्रूट्स का स्वाद उन्हें बहुत पसंद आया. उन्होंने ये भी कहा कि मीठी या नमकीन लस्सी पीना हर व्यक्ति की अपनी पसंद होती है. अगर कोई डायबिटीज का मरीज है तो उसे मीठी लस्सी से बचना चाहिए, लेकिन उनके लिए 40 डिग्री की गर्मी में दही, चीनी और पानी का ये मिश्रण बिल्कुल सही था.
'क्या आपने मुझे कहते सुना कि लस्सी बहुत मीठी थी?'
भाग्यश्री ने वायरल वीडियो को लेकर सवाल उठाया और भड़कते हुए लिखा- क्या आप वहां मौजूद थे? क्या किसी ने कहीं भी मुझे ये कहते सुना या रिकॉर्ड किया कि लस्सी बहुत मीठी थी और मैं इसे नहीं पियूंगी? उन्होंने आगे लिखा कि आधा वीडियो दिखाकर और अधूरी जानकारी के साथ लोगों को गुमराह करना ही असली फेक कंटेंट है.
एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने किसी विज्ञापन के लिए नहीं, बल्कि लोकल फूड और छोटे दुकानदारों का समर्थन करने के लिए ये वीडियो बनाया था. उन्होंने लिखा- लोकल फूड को प्रमोट करने से कोई पैसे नहीं कमाता. इससे सिर्फ छोटे दुकानदारों को फायदा मिलता है. अफसोस है कि कुछ लोगों के पास हर छोटी बात में भी बुराई ढूंढने के अलावा कुछ नहीं है.
सफाई के बाद भी नहीं रुके ट्रोल्स
हालांकि भाग्यश्री की सफाई के बाद भी सोशल मीडिया यूजर्स शांत नहीं हुए. कई लोगों का कहना है कि वायरल हो रहा वीडियो असली है, फिर उसे फेक कैसे बताया जा सकता है. एक यूजर ने लिखा- हद है, सही वीडियो को ही फेक बताया जा रहा है. वहीं दूसरे ने कमेंट किया- मैडम को कोई रियल वीडियो भेजो, शायद वही देख लें.
कुछ यूजर्स ने ये भी कहा कि अगर लस्सी पसंद आई थी तो उसे पूरा पीना चाहिए था, सिर्फ कैमरे के सामने एक चम्मच पीकर गिलास आगे बढ़ाना लोगों को बनावटी लगा. फिलहाल, भाग्यश्री का ये वीडियो और उस पर दी गई सफाई दोनों ही सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा का विषय बने हुए हैं.