धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर भौकाल देखने को मिल रहा है. बीती रात मूवी की स्टारकास्ट के लिए स्क्रीनिंग रखी गई थी. फिल्म देखने के बाद सबने मिलकर पार्टी की. आदित्य धर-यामी गौतम भी इसका हिस्सा बने. रणवीर सिंह फुल फन मोड में दिखे. फिल्म के सक्सेस ने उन्हें खुशी से गदगद कर दिया है. वो पार्टी में डांस करते हुए नजर आए. सौम्या टंडन, आयशा खान, क्रिस्टल डिसूजा, मुकेश छाबड़ा, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त ने पार्टी में समां बांधा.
फिल्म के पुराने और नए कलाकार इस पार्टी में शामिल हुए थे. लेकिन बस एक शख्स की यहां पर कमी खली. पहले पार्ट में गर्दा उड़ाने वाले अक्षय खन्ना पार्टी से गायब दिखे. अक्षय को धुरंधर 2 की सक्सेस बैश में नहीं देखा गया. फैंस को उनकी बेहद कमी खली. एक्टर ने धुरंधर में 'शेर-ए-बलोच' रहमान डकैत का रोल किया था. पहले पार्ट का सबसे बड़ा हाईलाइट अक्षय खन्ना ही थे. उनके स्वैग ने सबका दिल जीता. अक्षय का किरदार, उनकी एक्टिंग इतनी दमदार थी कि बाकी सभी उनके आगे फीके लगे थे. क्योंकि धुरंधर के क्लाइमैक्स में अक्षय खन्ना का अंत हो गया था. इसलिए सेंकड पार्ट में वो नहीं दिखे. उनकी मौत के बाद के कुछ सीन्स ही देखने को मिले.
अक्षय के पार्टी से दूर होने की वजह क्या?
अक्षय को फिल्म की सक्सेस पार्टी में न देखना, वैसे लोगों को इतना हैरान नहीं करता. क्योंकि सभी जानते हैं वो रिजर्व रहते हैं. पार्टी या अवॉर्ड शोज से दूर रहते हैं. अक्षय पहले पार्ट की सक्सेस पार्टी में भी नहीं दिखे थे. एक तरफ जहां पूरा इंटरनेट सिर्फ और सिर्फ अक्षय खन्ना की बात कर रहा था. वो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड हो रहे थे. 'फासला' गाने में अपनी धमाकेदार एंट्री से चारों ओर तबाही मचा रहे थे. लेकिन इस बज से दूर अक्षय अपने पर्सनल स्पेस में बिजी थे. फिल्म की सक्सेस पर अक्षय खन्ना का डायरेक्ट कोई रिएक्शन नहीं आया था.
मुकेश छाबड़ा ने अक्षय संग हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया था कि वो फिल्म के ब्लॉकबस्टर होने से खुश हैं. लेकिन अक्षय पूरी तरह लाइमलाइट से दूर रहे. उन्होंने कोई मीडिया इंटरव्यूज नहीं दिए थे. बस अपने काम और नए प्रोजेक्ट्स पर उनका फोकस रहा. धुरंधर पार्ट 1 के ट्रेलर लॉन्च इवेंट से भी वो दूर थे. अक्षय की इंटरनेट पर कुछ तस्वीरें सामने आई थीं. जिनमें वो अलीबाग के अपने बंगले में वास्तु शांति हवन कराते दिखे थे. यूं कहें कि अक्षय ने धुरंधर की सफलता को भी अपने ही अंदाज में सेलिब्रेट किया. अक्षय इंडस्ट्री के उन एक्टर्स में से हैं जो अपने काम से लाइमलाइट में रहना पसंद करते हैं.
इसलिए सभी जान चुके हैं कि अक्षय को बस अपने काम पर ध्यान देना पसंद है. वो पीआर, पेड कैंपेन पर यकीन नहीं करते. तभी जब बीती रात धुरंधर 2 की सक्सेस पार्टी में अक्षय खन्ना नहीं दिखे, तो फैंस को शॉक नहीं लगा. फैंस के बीच अक्षय को देखने के लिए उनके अगले प्रोजेक्ट का इंतजार हो रहा है. उनकी कई मूवीज पाइपलाइन में हैं. इनमें इक्का, महाकाली, सेक्शन 84 शामिल हैं. अक्षय खन्ना बॉलीवुड में अपना डंका बजाने के बाद तेलुगु मूवी महाकाली से साउथ इंडस्ट्री में भी छाने को तैयार हैं.
आप कितने एक्साइटेड हैं अक्षय खन्ना के नए प्रोजेक्ट्स को लेकर?