रणवीर सिंह की धुरंधर-2 बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. ग्रैंड ओपनिंग के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तूफानी रफ्तार से कमाई कर रही है. फैंस और इंडस्ट्री से धुरंधर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. धुरंधर की आंधी के बीच अब अक्षय कुमार की मच-अवेटेड हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है. ऐसे में अक्षय कुमार ने रणवीर की फिल्म को एडल्ट फिल्म का टैग दे दिया है.
धुरंधर-2 के बारे में क्या बोले अक्षय कुमार?
अब सवाल ये है कि क्या रणवीर सिंह की धुरंधर-2 के सामने अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला टिक पाएगी या नहीं? इस सवाल का जवाब खुद अक्षय कुमार ने ही दे दिया है. समाचार एजेंसी संग बातचीत में अक्षय कुमार ने कहा- मुझे बेहद खुशी है कि फिल्म 'धुरंधर' इतना अच्छा परफॉर्म कर रही है. इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा को एक नए मुकाम पर पहुंचाया है, जो काफी उत्साहजनक है.
वहीं, धुरंधर की ताबड़तोड़ कमाई के बीच भूत बंगला की रिलीज पर अक्षय बोले- आमतौर पर तीन हफ्तों का समय काफी होता है और यहां हम 21 दिनों की बात कर रहे हैं. यह फिल्म इंडस्ट्री के लिए अच्छा कर रही है. अगर फिल्में अच्छा परफॉर्म नहीं करेंगी, तो इस तरह की बातचीत के लिए कोई प्लेटफॉर्म ही नहीं बचेगा.
धुरंधर-2 संग भूत बंगला की तुलना पर बोले अक्षय
अक्षय कुमार से आगे पूछा गया कि क्या उनकी फिल्म एक्शन से भरपूर फिल्मों की मौजूदा लहर को जवाब देने के लिए बनाई गई है? इसपर खिलाड़ी कुमार ने कहा कि उनकी टीम ने फिल्म बनाने के लिए किसी ट्रेंड का पीछा नहीं किया. बल्कि उन्होंने पूरा ध्यान कहानी की मजबूती पर दिया है.
अक्षय कुमार ने आगे कहा कि धुरंधर-2 खास तौर पर एडल्ट दर्शकों के लिए है, जबकि उनकी भूत बंगला लार्जर ऑडियंस के लिए बनाई गई है, जिसे बच्चों और परिवार साथ देख सकते हैं. फिल्म पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा- वो फिल्म सच्ची कहानी पर बेस्ड है. उसमें एक्शन है. वो एडल्ट फिल्म है. जबकि हमारी फैमिली फिल्म है. हमारे लिए तो बहुत अच्छी बात है कि सारी फिल्में चलें, इंडस्ट्री के लिए भी अच्छी बात है.
भूत बंगला की बात करें तो ये फिल्म 10 अप्रैल 2026 को रिलीज हो रही है. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, परेश रावल जैसे स्टार्स दिखेंगे.