scorecardresearch
 

आमिर का रीमेक फॉर्मूला, बेटे जुनैद पर भी पड़ रहा भारी! टेक ऑफ नहीं कर पा रहा करियर

जुनैद खान की एक दिन रिलीज के साथ ही मुश्किल में दिख रही है, और इसकी बड़ी वजह वही है जो आमिर खान को भी भारी पड़ी— रीमेक फॉर्मूला. लॉकडाउन के बाद दर्शकों का रुझान ऑरिजिनल कहानियों की तरफ बढ़ा है, जिससे रीमेक फिल्मों का क्रेज गिरा है. ऐसे में जुनैद के करियर को अब नई दिशा की जरूरत नजर आ रही है.

Advertisement
X
आमिर खान और जुनैद खान की रीमेक फिल्में हो रहीं नाकाम! (Photo: ITGD)
आमिर खान और जुनैद खान की रीमेक फिल्में हो रहीं नाकाम! (Photo: ITGD)

आमिर खान के बेटे जुनैद खान की फिल्म एक दिन, थिएटर्स में पहुंच चुकी है. आमिर खान खुद पिछले कुछ समय से लगातार इस फिल्म के प्रमोशन में जुटे हैं. आखिरकार वो सिर्फ जुनैद के पापा ही नहीं, एक दिन के प्रोड्यूसर भी हैं. प्रमोशन के दौरान एक इवेंट में, आमिर के भावुक होकर रोने का वीडियो भी वायरल हुआ. मगर इससे सिर्फ आमिर की ही चर्चा हुई, एक दिन को कोई फायदा नहीं हुआ. इस फिल्म की एडवांस बुकिंग 39 दिन से अवेलेबल है, मगर इसे देखने के लिए थिएटर्स में जनता अवेलेबल नहीं है! असल में एक दिन के साथ एक ऐसी दिक्कत है, जिसका नुकसान आमिर खान खुद भी उठा चुके हैं.

फिल्मों की रफ्तार में रीमेक बना रुकावट
2018 में ठग्स ऑफ हिंदोस्तान जैसी बड़ी फ्लॉप देने के बाद, आमिर ने 4 साल बाद कमबैक किया और लाल सिंह चड्ढा लेकर आए. मगर ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई. लाल सिंह चड्ढा के फ्लॉप होने की बड़ी वजह थी कि ये एक रीमेक कहानी थी. आमिर ने हॉलीवुड की ऑस्कर विनिंग फिल्म फॉरेस्ट गंप को रीमेक करके, लाल सिंह चड्ढा बनाई थी.

इसके बाद आमिर ने 3 साल का ब्रेक लिया और पॉपुलर स्पैनिश फिल्म चैंपियंस का रीमेक, सितारे जमीन पर (2025) लेकर आए. इस फिल्म से 7 साल बाद आमिर को बॉक्स ऑफिस पर सक्सेस जरूर मिली. लेकिन ये आमिर खान के मार्केटिंग, फिल्म के इमोशनल मैसेज और तारे जमीन पर का सीक्वल होने का फायदा ज्यादा था. फिल्म के लिए उस तरह की एक्साइटमेंट मिसिंग थी, जैसी आमिर की फिल्मों के लिए जनता में नजर आती है. रेगुलर थिएटर्स तक जाने वाले कई लोग भी रीमेक होने की वजह से फिल्म से बचते आए.

Advertisement

आमिर की तरह बेटे पर भी छाया रीमेक का साया
लॉकडाउन के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर रीमेक फिल्मों का ऐसा हाल है कि 'रीमेक' शब्द, दर्शकों के लिए ट्रिगर बन गया है. कोई फिल्म रीमेक है, ये बात सुनते ही दर्शकों का मन खट्टा हो जाता है! अक्षय कुमार की कई फिल्में सिर्फ इसलिए फ्लॉप हो गईं क्योंकि रीमेक होने की वजह से जनता की इनमें दिलचस्पी खत्म हो गई.

ऐसे में आमिर के बेटे जुनैद ने बड़े पर्दे पर डेब्यू ही रीमेक फिल्म से किया. उनकी पहली थिएट्रिकल रिलीज लवयापा (2025), साउथ की हिट लव टुडे (2022) का रीमेक थी. जुनैद की पहली फिल्म सिर्फ फ्लॉप नहीं हुई, डिजास्टर साबित हुई. अब आई उनकी फिल्म एक दिन, थाई फिल्म 'वन डे' (2016) का रीमेक है. ये बात फिल्म का ट्रेलर आने के बाद से ही जनता ने सोशल मीडिया पर खूब फैला दी है. अब हाल ऐसा है कि एक दिन, पहले ही दिन फ्लॉप साबित होती नजर आ रही है.

जुनैद का असल डेब्यू नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म महाराज (2024) से हुआ था. फिल्म को रिव्यूज तो बहुत पॉजिटिव नहीं मिले थे, लेकिन जुनैद की एक्टिंग को लेकर रिव्यूज ठीकठाक थे. फिल्म के कई नेगेटिव रिव्यूज में भी, जुनैद को नजर रखने लायक एक्टर बताया था.

Advertisement

बैक टू बैक दो रीमेक फिल्मों में फ्लॉप हो चुके जुनैद के करियर को कुछ रफ्तार तभी मिल सकती है जब वो किसी ऑरिजिनल कहानी में जनता को इंप्रेस कर पाएं. वरना रीमेक के भरोसे तो अब शायद आमिर भी दोबारा हिट न हो पाएं, ऐसे में न्यूकमर जुनैद की रीमेक फिल्में दर्शक क्यों ही देखेंगे! देखना है कि ये पिता-पुत्र जोड़ी अब भी रीमेक से पूरी तरह दूरी बनाती है या नहीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement