एक्ट्रेस और फैशन इंडस्ट्री में अपनी बोल्ड स्टाइल के लिए मशहूर खुशी मुखर्जी ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई दर्दनाक खुलासे किए हैं. 29 साल की एक्ट्रेस ने भावुक होते हुए बताया कि पिछले कुछ साल उनके लिए बेहद मुश्किलों भरे रहे. खुशी का कहना है कि उन्हें लगातार उत्पीड़न, धमकियों और सोशल प्रेशर का सामना करना पड़ा है.
खुशी मुखर्जी के मुताबिक, ये पूरा विवाद उनके फैशन और ड्रेसिंग स्टाइल को लेकर शुरू हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग और ग्रुप्स लगातार उनके कपड़ों और पब्लिक अपीयरेंस को निशाना बनाते रहे. इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर उनकी इमेज और मौजूदगी को कंट्रोल करने की भी कोशिश की गई.
एक्ट्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश लोकतांत्रिक है, तो किसी महिला को क्या पहनना चाहिए और कैसे जीना चाहिए, ये तय करने का हक किसी और को कैसे हो सकता है. खुशी ने कहा कि उन्हें अपनी अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर डर और दबाव महसूस कराया गया.
एनबीटी की खबर के मुताबिक, खुशी मुखर्जी ने ये भी दावा किया कि लगातार मिल रही धमकियों, चोरी की घटनाओं और मानसिक तनाव ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि इस इमोशनल स्ट्रेस का असर उनकी सेहत पर भी पड़ा और कुछ महीने पहले उन्हें हार्ट अटैक तक आ गया था.
एक्ट्रेस ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए. खुशी का कहना है कि जब उन्होंने पुलिस स्टेशनों में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तब उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया. उन्होंने कहा कि मदद मांगने के बावजूद उन्हें खुद को पूरी तरह अकेला महसूस हुआ.
खुशी ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतवर लोग और ग्रुप्स अपनी पावर का गलत इस्तेमाल कर स्वतंत्र आवाजों को दबाने की कोशिश कर रहे हैं. उनके मुताबिक, अगर कोई अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहता है, तो उसे टारगेट किया जाता है.
अपने करियर को लेकर बात करते हुए खुशी मुखर्जी ने कहा कि उनका फैशन डिजाइनिंग बिजनेस भी इस विवाद से बुरी तरह प्रभावित हुआ है. उन्होंने दावा किया कि सालों की मेहनत से खड़ा किया गया उनका काम अब नुकसान झेल रहा है. साथ ही उन्होंने इंडस्ट्री में गुटबाजी, नेपोटिज्म और पक्षपात को लेकर भी नाराजगी जाहिर की.
खुशी मुखर्जी ने आगे आरोप लगाया कि करणी सेना और उससे जुड़े कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं. उनके मुताबिक, उनके काम से लेकर सोशल मीडिया प्रेजेंस तक को प्रभावित करने की कोशिश की गई. अब खुशी के ये आरोप सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ रहे हैं.
Photo: FB @Khushimukherjee