एक्टर बॉबी देओल 27 जनवरी को अपना 52वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. 1995 में बड़े पर्दे पर बतौर लीड एक्टर करियर की शुरुआत करने वाले बॉबी को वो सफलता कभी नहीं मिली जिसकी वे चाह रखते थे.
फिल्में उन्होंने जरूर की, लेकिन सनी देओल और धर्मेंद्र वाला जादू मिसिंग रहा. इसकी एक वजह ये भी रही कि सनी और धर्मेंद्र की तरह बॉबी की बुलंद आवाज नही हैं.
अगर सनी चिल्लाकर किसी को भी डरा सकते हैं, तो वहीं धर्मेंद्र की आवाज में वो भारीपन है जो उन्हें दूसरों से अलग बनाता है. लेकिन इस पहलू पर बॉबी हमेशा गच्चा खाते हैं.
वे बचपन में भी अपनी पतली आवाज की वजह से परेशान रहते थे. कई लोग उन्हें 'बहन जी' कहकर भी चिढ़ाते थे. खुद बॉबी ने एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में इस बारे में बताया है.
वे कहते हैं- जब मैं छोटा था, तब मेरी आवाज काफी पतली थी. जब भी मैं फोन उठाता था, लोगों को लगता था कि कोई लड़की बात कर रही है. वे कहते थे- बहन जी धर्मेंद्र जी घर पर हैं. शुरुआत में मैं गुस्सा हो जाता था.
वैसे जिस वजह से बॉबी का मजाक बनाया जाता था, उसी को अपना हथियार बना एक्टर ने कई बार मस्ती की है. खुद बॉबी बताते हैं कि बचपन में वे किसी को भी फोन मिला ऐसे मजाक किया करते थे.
इस बारे में उन्होंने कहा है- होटल में तो आप किसी को भी फोन मिला सकते हो. तो मैं भी कई बार किसी को भी फोन मिला लड़की की आवाज में बात करता था. किसी का आता था फोन, उस समय भी मैं ये नाटक जारी रखता था.