scorecardresearch
 

हुमायूं कबीर गिरफ्तार... रेजीनगर उपचुनाव के बीच पुलिस ने लिया एक्शन

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के दौरान आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
X
हुमांयू कबीर की पुलिस के साथ तीखी बहस भी हुई (File Photo: ITG)
हुमांयू कबीर की पुलिस के साथ तीखी बहस भी हुई (File Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले उन्हें हिरासत में लिए जाने की खबर आई थी. रेजीनगर पुलिस उन्हें पार्टी कार्यालय से अपने साथ थाने ले गई. इस दौरान हुमायूं कबीर और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी बहस भी हुई. पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान हुमायूं कबीर ने कहा, 'मुझे गिरफ्तार किया जा रहा है या हिरासत में लिया जा रहा है, मुझे कुछ नहीं पता.'

हुमायूं कबीर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा, 'आप वोट लूट रहे हैं और खुलेआम दलाली कर रहे हैं.' इसके बाद पुलिस अधिकारी ने उन्हें घर लौटने के लिए कहा. हालांकि, कबीर ने वहां से जाने से इनकार कर दिया और कहा कि वह बूथ पर ही रहेंगे. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और वहां से अपने साथ ले गई.

सुबह करीब 8 बजे पार्टी दफ्तर पहुंची पुलिस

रेजीनगर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होने के बाद मंगलवार सुबह करीब 8 बजे रेजीनगर थाने की पुलिस AJUP के पार्टी कार्यालय पहुंची. हुमायूं कबीर नाओदा से विधायक और आम जनता उन्नयन पार्टी के चेयरमैन हैं.

इससे पहले सुबह हुमायूं कबीर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ शक्तिपुर स्थित अपने गांव के बूथ पर मतदान किया था. वोट डालने के कुछ ही समय बाद वह सीधे रेजीनगर स्थित अपनी पार्टी के कार्यालय पहुंचे थे.

Advertisement

हिंसा और तनाव भड़काने की शिकायत का दावा

सूत्रों के मुताबिक, आरोप लगाया गया कि हुमायूं कबीर पार्टी कार्यालय में बैठकर विभिन्न इलाकों में कथित तौर पर हिंसा और तनाव भड़काने का प्रयास कर रहे थे. शिकायत मिलने के बाद रेजीनगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अंजन बर्मन बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ AJUP कार्यालय पहुंचे.

पुलिसकर्मियों ने हुमायूं कबीर से पार्टी कार्यालय छोड़कर सीधे घर जाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस के निर्देश को मानने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस उन्हें वाहन में बैठाकर रेजीनगर थाने ले गई.

पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान हुमायूं कबीर ने कहा, 'मुझे गिरफ्तार किया जा रहा है या हिरासत में लिया जा रहा है, मुझे कुछ नहीं पता.'

पोलिंग एजेंटों को बूथ पर बैठने से रोकने का आरोप

दूसरी ओर, हुमायूं कबीर समेत विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से आरोप लगाया गया है कि रेजीनगर के कई मतदान केंद्रों पर उनके पोलिंग एजेंटों को बैठने से रोका जा रहा है.

रेजीनगर विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है. मतदान शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर हुमायूं कबीर को हिरासत में लिए जाने से चुनाव के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement