चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के कई रंग देखने को मिल रहे हैं, कभी चुनावी भाषण तो कभी वोटरों से मिलना जुलना. लेकिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का एक अनोखा रूप देखने को मिला है, जिसमें वह सांप के साथ खेलती दिख रही हैं. अपनी मां सोनिया गांधी की संसदीय सीट रायबरेली में जब प्रियंका प्रचार कर रही थीं तो वह एक सपेरे से मिलीं.
प्रियंका जब प्रचार कर रही थीं तब वह एक सपेरे से मिलीं और उसके पास मौजूद सांपों के बारे में जानकारी लेने लगीं. इस दौरान प्रियंका ने सांप को कई बार अपने हाथ में भी उठाया. इस दौरान उनके साथ सैकड़ों लोगों की भीड़ मौजूद थी.
Priyanka Gandhi Vadra, Congress General Secretary for Uttar Pradesh (East) meets snake charmers in Raebareli, holds snakes in hands.
— ANI UP (@ANINewsUP)
आपको बता दें कि प्रियंका गांधी पिछले कई दिनों से रायबरेली और अमेठी में ही घूम रही हैं. इससे पहले भी वह लोकसभा चुनाव के दौरान इन क्षेत्रों में आती रही हैं, लेकिन इस बार उनके ऊपर पूरे पूर्वांचल की जिम्मेदारी है. प्रियंका को इस बार पूर्वांचल का प्रभारी बनाया गया है.
इससे पहले भी कई बार प्रियंका का इस तरह का अंदाज देखने को मिला है. कभी प्रियंका बच्चों के साथ हंसते हुए बातें करती नज़र आती हैं, तो कभी किसी बच्चे का बटन ठीक करती हुईं दिखती हैं. यही कारण है कि युवाओं में प्रियंका की पॉपुलैरिटी काफी ज्यादा है.
अभी बीते दिनों अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का कुछ अलग अंदाज देखने को मिला था. जब स्मृति ईरानी अमेठी में चुनाव प्रचार कर रही थीं तो वहां एक खेत में आग लग गई थी. तब स्मृति ने अपने लोगों के साथ आग बुझाने में मदद की. इसी बीच स्मृति ईरानी की हैंडपंप चलाते हुए तस्वीरें भी सामने आईं जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहीं.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़ लेटर