बंगाल और तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुई है (Photo: PTI) West Bengal and Tamil Nadu Election Voting: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुानव के लिए वोटिंग समाप्त हो चुकी है. तमिलनाडु की सभी 234 सीट पर वोटिंग सुबह सात बजे से हुई थी. वहीं, पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण के तहत वोट डाले गए. बंगाल चुनाव के पहले चरण में जनता 1478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी. पश्चिम बंगाल में जहां टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला है, वहीं तमिलनाडु में भी डीएमके की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी के एनडीए के बीच टक्कर है. दोनों ही राज्यों में सुबह से मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही थी और महिलाओं में खासा उत्साह नजर जा रहा था.
बंगाल में चुनावों के दौरान, अलग-अलग ज़िलों से तनाव और बवाल की खबरें आईं. मुर्शिदाबाद में TMC कार्यकर्ताओं और AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर के बीच झड़प हो गई. सिलीगुड़ी में भी TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग झड़पों की खबरें आईं. कुमारगंज में, बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि कई बूथों से उनके पोलिंग एजेंटों को हटा दिया गया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन पर हमला किया गया.
इस बीच, तमिलनाडु में वोटिंग का काम शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से चलता रहा, जहां कई मशहूर हस्तियों और बड़े राजनेताओं ने अपने वोट डाले. तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए प्रतिनिधि चुनने के लिए एक ही चरण में वोटिंग समाप्त हो गई.
पश्चिम बंगाल के पिंगला इलाके में एक पोलिंग बूथ पर बड़ी लापरवाही सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, मतदान के दौरान बूथ के सभी पोलिंग कर्मचारी अपनी जगह छोड़कर चले गए थे और बूथ कुछ समय के लिए बिना निगरानी के रह गया. इस मामले को गंभीर मानते हुए चुनाव आयोग ने उस बूथ के सभी पोलिंग कर्मचारियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया है.
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में इस बार आजादी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा मतदान हुआ है. यानी इन दोनों राज्यों में पहली बार इतना ज्यादा वोटिंग प्रतिशत दर्ज किया गया है. उन्होंने सभी मतदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव आयोग हर वोटर को सलाम करता है, जिन्होंने बड़ी संख्या में आकर अपने वोट का इस्तेमाल किया.
इनपुट: ANI
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुई है. शाम छह बजे तक तमिलनाडु में 84.56% मतदान दर्ज किया गया. पश्चिम बंगाल (पहला चरण) में 91.64% मतदान दर्ज किया गया.
बंगाल की बंपर वोटिंग के बीच अमित शाह ने डूबते सूरज की वीडियो पोस्ट की. इसके साथ उन्होंने लिखा, 'टीएमसी के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब गया है.'
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में इस बार रिकॉर्ड तोड़ मतदान देखने को मिल रहा है. शाम 5 बजे तक करीब 89.93% वोटिंग दर्ज की गई है, जो पिछले कई चुनावों से ज्यादा है.
अगर पुराने आंकड़ों से तुलना करें तो:
यानि इस बार लोगों ने पहले से ज्यादा बढ़-चढ़कर वोट डाला है.
पश्चिम बंगाल की पहले चरण की वोटिंग में शाम 5 बजे तक 90% मतदान हुआ. ये नंबर क्यों रिकॉर्डतोड़ है समझिए-
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आंकड़े
2011: 84.72%
2016: 83.02%
2021: 82.30%
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र के खैरासोल घुमर गांव में तनाव की घटना सामने आई है. यहां तैनात सीआरपीएफ के जवानों पर कुछ लोगों ने पत्थरबाजी कर दी. बताया जा रहा है कि जवान चुनाव ड्यूटी पर वहां मौजूद थे, तभी यह घटना हुई. इस पत्थरबाजी के कारण इलाके में तनाव बढ़ गया. हालांकि यह साफ नहीं है कि इस घटना में किसी को चोट लगी है या नहीं.
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुई है. शाम पांच बजे तक तमिलनाडु में लगभग 82.24% मतदान हुआ है. बंगाल में लगभग 89.93% मतदान हुआ है. यानि दोनों ही राज्यों में लोगों ने बड़ी संख्या में वोट डाला है. खासकर पश्चिम बंगाल में वोटिंग प्रतिशत काफी ज्यादा है, जो बताता है कि लोग चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.


तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एक दिव्यांग (नेत्रहीन) मतदाता चंद्रशेखरन ने वोट डालने के बाद अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले उन्होंने और उनके साथियों ने तय किया था कि वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे, क्योंकि उनके इलाके में बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं. लेकिन बाद में अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिया कि सुविधाओं में सुधार किया जाएगा. इसी भरोसे के आधार पर उन्होंने अपना फैसला बदला और इस बार वोट डालने का निर्णय लिया.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि अमित शाह मतदान के दिन कोलकाता में बैठकर अधिकारियों को डराने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है और यह सब चुनाव को प्रभावित करने के लिए हो रहा है.
उन्होंने यह भी कहा कि आज जो बड़ी संख्या में लोग वोट डालने निकले हैं, वह लोगों के विरोध और गुस्से का संकेत है.
मुख्यमंत्री ममता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास बूथ एजेंट नहीं हैं, इसलिए अधिकारी और एजेंसियों पर दबाव बनाया जा रहा है.
इनपुट: इंद्रजीत कुंडू
पहले चरण में मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने मुर्शिदाबाद के जियागंज में वोट डाला. उन्होंने दोपहर में प्रीतम सिंह प्राइमरी स्कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 26 पर जाकर अपना वोट दिया. खास बात यह रही कि वे किसी खास व्यवस्था के बिना आम लोगों की तरह लाइन में खड़े हुए और अपनी बारी आने का इंतजार किया.
इनपुट: अनिर्बन सिन्हा रॉय
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान अभिनेता विशाल कृष्ण रेड्डी ने वोट डालने के बाद लोगों से खास अपील की. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना वोट डाल दिया है और जो लोग अभी तक वोट नहीं डाल पाए हैं, वे घर से निकलकर जरूर वोट करें, क्योंकि हर एक वोट बहुत अहम होता है.
पश्चिम बंगाल के आसनसोल साउथ विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दिन उस वक्त तनाव बढ़ गया जब BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने अपनी गाड़ी पर हमले का आरोप लगाया. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं - West Bengal Phase-1 Elections 2026: कार में भी हेलमेट पहनकर बैठीं बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल, काफिले पर हुआ था पथराव
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हो रही है. लोग बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं. इस भीषण गर्मी में भी लोगों का उत्साह कम नहीं है. चुनाव आयोग के अनुसार, बंगाल में दोपहर तीन बजे तक 78.77 फीसदी मतदान हुआ और तमिलनाडु में 70 फीसदी मतदान हुआ.
पश्चिम बंगाल के लोग पहले चरण में जिस तरह वोटिंग कर रहे हैं, उससे साफ संकेत मिलता है कि लोगों ने अपना मन बना लिया है. लोग भारतीय जनता पार्टी को करारा जवाब देने जा रहे हैं. यह लड़ाई बंगाल और बंगालियों के खिलाफ है. भारतीय जनता पार्टी पर आरोप है कि उसने करीब 91 लाख वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए हैं. करीब 2 लाख करोड़ रुपये के फंड रोक दिए गए हैं. नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और नेशनल हेल्थ मिशन के लिए फंड नहीं दिया गया.
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के दौरान बीरभूम जिले के सिउड़ी इलाके में वोटिंग के समय विवाद हो गया. बीजेपी की एक उम्मीदवार का टीएमसी की एक कार्यकर्ता से बहस हो गई. बीजेपी उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ता वोटरों को डरा रही है और उसे पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में रहने का हक नहीं है. इस पर टीएमसी कार्यकर्ता ने जवाब दिया कि वह किसी को डरा नहीं रही थी. उसका कहना था कि वह सिर्फ एक दिव्यांग मतदाता की मदद कर रही थी, ताकि वह ठीक से वोट डाल सके.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कई इलाकों में बवाल देखने को मिला है. अब आसनसोल से खबर आ रही है कि बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल की कार पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया. अग्निमित्रा पॉल के मुताबिक, यह घटना बर्नपुर के रहमतनगर इलाके में तब हुई, जब वह मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए कई मतदान केंद्रों का दौरा कर रही थीं. इलाके की एक इमारत के अंदर बने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद, जब वह अपनी अगली मंज़िल की ओर जा रही थीं, तभी कथित तौर पर पीछे से उनकी गाड़ी पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया, जिससे गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया.
हालांकि, आगे की सीट पर बैठीं बीजेपी लीडर बाल-बाल बच गईं, लेकिन पीछे की सीट पर बैठे उनकी सुरक्षा टीम के सदस्यों और उनके निजी सहायक को कथित तौर पर टूटे हुए शीशे से हल्की चोटें आईं. इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और सवाल उठाया कि क्या अल्पसंख्यक-बहुल इलाकों में बीजेपी प्रतिनिधियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने इस घटना को सुरक्षा में एक गंभीर चूक बताया है.

इस मामले की सूचना तुरंत हीरापुर पुलिस स्टेशन को दी गई, जिसके बाद सीनियर पुलिस अधिकारी स्थिति का जायजा लेने और व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचे. अब तक किसी की गिरफ्तारी की कोई खबर नहीं है. पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है.
बंगाल और तमिलनाडु में हो रहे मतदान के बीच दोपहर 1 बजे तक के आंकड़े सामने आ गए हैं. पश्चिम बंगाल में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां 62 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है, वहीं तमिलनाडु में भी वोटिंग का आंकड़ा 56 फीसदी के पार पहुंच गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में एक जनसभा को संबोधित किया. यहां हुई विजय संकल्प सभा में पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार और सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला और उनकी सरकार की नीतियों-नियमों की आलोचना की. जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने चुनावी माहौल पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि झालमुड़ी मैंने खाई है, पर मिर्ची टीएमसी को लग रही है. पढ़ें पूरी खबर
बंगाल के केशपुर में वोट डालने के बाद बूथ के सामने ही एक महिला की जान चली गई. महिला का नाम इशरतन बीबी (55) है. वह पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर विधानसभा क्षेत्र के दीघा इलाके में रहती थीं. परिवार की ओर से उनके पति नवाबजान अली ने बताया - 'परिवार के चार सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं. मेरा नाम भी उसमें नहीं है. सिर्फ़ मेरी पत्नी का ही वोट था. मैं उन्हें वोट डलवाने ले गया था. मेरे पास वोट नहीं था, इसलिए मैं बूथ से बाहर निकलकर खड़ा हो गया. वोट डालने के बाद बाहर आकर, जब मेरी पत्नी एक 'टोटो' में बैठीं तो उनकी मौत हो गई.' (इनपुट- शेख शाहजहां)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान मुर्शिदाबाद में हिंसा का तांडव जारी है. ताजा घटना में रेजीनगर से AJUP उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला किया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवियों की एक बड़ी भीड़ ने अचानक हुमायूं कबीर की कार को घेर लिया. हमलावरों के हाथों में लाठियां, डंडे और ईंटें थीं.

मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तृणमूल कांग्रेस के ही दो गुट आपस में भिड़ गए. यह विवाद इतना बढ़ गया कि राज्य के निवर्तमान मंत्री ताज़मुल हुसैन के पैतृक गांव बांगरुआ (बूथ संख्या 200 और 201) में टीएमसी के एक चुनावी कैंप ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की गई. हरिश्चंद्रपुर-I ब्लॉक पंचायत समिति में टीएमसी के नेता स्वपन अली ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मंत्री ताज़मुल हुसैन और उनके समर्थक खुलेआम कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं. स्वपन अली का आरोप है कि मंत्री के ही निर्देश पर उनके समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर टीएमसी के कैंप ऑफिस पर हमला किया, पार्टी के झंडे फाड़े और बैनरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. (इनपुट-अनुपम मिश्रा)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सक्रियता ने चुनावी हलचल को और बढ़ा दिया है. अमित शाह कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय में बने अत्याधुनिक 'वॉर रूम' पहुंच चुके हैं, जहाँ वे लगभग एक घंटे तक रुककर राज्य भर से आ रहे चुनावी फीडबैक और मतदान के रुझानों की समीक्षा करेंगे.
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा में हो रही वोटिंग में लोग जमकर भाग ले रहे हैं. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सुबह 11:00 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 41.11% और तमिलनाडु में 37.56% मतदान दर्ज किया गया है. सुबह के शुरुआती घंटों के बाद मतदान की गति में भारी उछाल देखा गया है, जो दोनों राज्यों के मतदाताओं के जबरदस्त उत्साह और लोकतांत्रिक भागीदारी को दर्शाता है. पश्चिम मेदिनापुर में सबसे अधिक 44. 69 फीसदी वोटिंग हुई है.

खड़गपुर सदर से TMC उम्मीदवार प्रदीप सरकार ने कहा, "भले ही चुनाव प्रचार (मंगलवार को) खत्म हो गया था, फिर भी दिलीप घोष ने कल भी प्रचार जारी रखा. 'BJP-बेल्ट' जैसी कोई चीज़ नहीं होती. 2022 में मैं बहुत कम अंतर से हारा था. हम BJP से पूछना चाहते हैं कि अगर दिलीप घोष इतने अच्छे उम्मीदवार थे तो उन्हें MP पद से क्यों हटाया गया? क्या BJP इसका कारण बता सकती है? हमें शक है कि जहां भी BJP को कम वोट मिल रहे हैं, वहां वे कुछ गलत कर सकते हैं."
पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के दौरान सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्यापीठ स्थित बूथ संख्या 26/237 पर मतदान की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान मतदान केंद्र के बाहर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच अचानक बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी. घटना के वक्त इलाके से बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष भी मौके पर मौजूद थे. केंद्र पर तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की वजह से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई और मतदान की प्रक्रिया को फिर से सुचारू रूप से शुरू कराया जा सका. सिलीगुड़ी का यह इलाका संवेदनशील माना जा रहा है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान झड़प का मामला सामने आया है. आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के खिलाफ नारेबाजी की. झड़प की स्थिति बनने के बाद मौके पर सिक्योरिटी टाइट कर दी गई है. केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर मौजूद है. चारों तरफ लोग ही लोग नजर आ रहे हैं. दूसरे छोर पर कांग्रेस के समर्थन दिख रहे हैं. हुमायूं कबीर भी मौके पर पहुंचे हैं. उन्होंने आजतक से बात करते हुए कहा कि मैं धरने पर बैठा हूं, यहां से हटूंगा नहीं.
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के नौदा में उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर एक घटना स्थल का दौरा करने पहुंचे, जहां TMC समर्थकों और उनके बीच हिंसक झड़प हो गई. मौके पर मौजूद पुलिस के साथ हुमायूं कबीर की तीखी बहस और नोकझोंक के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें स्थिति काफी तनावपूर्ण नजर आ रही है. हालांकि, इस भिड़ंत और विवाद का मुख्य कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के लिए सुबह सात बजे से ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है. निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी सुबह 9:00 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% मतदान दर्ज किया गया है.
मालदा के मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में, बालुआचारा हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर EVM में खराबी आने के बाद तनाव फैल गया. सेक्टर अधिकारी के पहुंचने में काफी देरी होने पर वोटर भड़क गए और उन्होंने अधिकारी को घेर लिया. कई मतदाता सेक्टर अधिकारी की बांह पकड़कर उन्हें खींचते हुए और उनके साथ हाथापाई करते हुए दिखाई दिए. (इनपुट- अनुपम मिश्रा)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक (DMK) प्रमुख एम.के. स्टालिन ने चेन्नई के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. स्टालिन इस बार भी अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से चुनावी मैदान में हैं. मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए खहा, 'जिस तरह मैंने अपने अधिकार का प्रयोग किया है, उसी तरह हर किसी को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरा करना चाहिए. यह बहुत महत्वपूर्ण है.'
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सुबह 7 बजे से सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी है. राज्य के उपमुख्यमंत्री और द्रमुक (DMK) के प्रमुख चेहरा उदयनिधि स्टालिन ने चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला. वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए सभी नागरिकों से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की.
नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार तथा राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने वोट देने के बाद एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, 'सनातन जीतेगा, सनातन की रक्षा होगी. बंगाल में इस बार बदलाव हो रहा. इस बार परिवर्तन नही होगा तो बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा.' उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज की सराहना की, लेकिन साथ ही 'गुंडागर्दी' का आरोप लगाते हुए कहा कि हर जगह कुछ उपद्रवी तत्व मौजूद हैं.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चेन्नई में मतदान की प्रक्रिया जारी है, जहां दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज सितारों ने सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सुपरस्टार रजनीकांत ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला. वहीं, अभिनेता और राजनेता कमल हासन अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ एल्डम्स रोड स्थित कामराज सलाई म्युनिसिपल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने मतदान किया.

कोयंबटूर के जिला कलेक्टर पवन कुमार और उनकी पत्नी चिन्मयी जब मतदान करने पहुंचे, तो वहां एक अनोखा नजारा देखने को मिला. मतदान केंद्र पर एक रोबोट ने उनका स्वागत किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा.

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आज हो रहे मतदान के बीच कोयंबटूर के PSG कॉलेज स्थित मतदान केंद्र की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं. जहां महिला मतदाताओं में वोटिंग को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. (इनपुट और फोटो- टिंकू राजशेखर, ITG )

यह चरण केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि बीजेपी और टीएमसी के लिए प्रतिष्ठा का सबसे बड़ा सवाल बन चुका है. जहां एक तरफ ममता सरकार के कई कद्दावर मंत्रियों की अग्निपरीक्षा है, वहीं बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गजों के लिए भी यह 'नाक की लड़ाई' मानी जा रही है. पढ़ें विस्तार से
आंध्र प्रदेश में ट्रक ड्राइवर के रूप में कार्यरत बिलाल शेख, जो विशेष रूप से वोट डालने के लिए बंगाल लौटे थे, लेकिन मालदा के कोतवाली प्राइमरी स्कूल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत उनका नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है. उन्हें मतदान केंद्र से बिना वोट डाले लौटना पड़ा. (इनपुट- अनुपम मिश्रा)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज मालदा जिले में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मालदा के कोतवाली प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र से आ रही तस्वीरों में वोट डालने के लिए लोगों की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखी जा सकती है.

पश्चिम बंगाल के कई मतदान केंद्रों के बाहर वोटरों, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें दिख रही है. वोटिंग को लेकर महिलाओं में खास उत्साह है. वहीं तमिलनाडु में भी महिला वोटर बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए वोटिंग केंद्रों पर पहुंचे हैं.

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'आज बंगाल में पहले चरण का मतदान है. इस बार का बंगाल चुनाव प्रदेश के वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बहुत महत्त्वपूर्ण है. एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल की डेमोग्राफी बदलने वाले घुसपैठियों, सिंडिकेट और कटमनी राज से प्रदेश को मुक्ति दिला सकती है. बंगाल की माताओं, बेटियों के लिए सुरक्षित बंगाल बनाने हेतु आज बढ़-चढ़कर वोट करें. सभी मतदाता, विशेषकर युवा, आज एक समृद्ध और विकसित बंगाल बनाने के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें.'
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लोगों से बड़ी संख्या में वोट देने की अपील की है. पीएम मोदी ने कहा, 'मैं पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पवित्र कर्तव्य में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान करता हूं. मैं विशेष रूप से तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के के युवाओं और महिलाओं से रिकॉर्ड संख्या में बाहर आने और मतदान करने का आग्रह करता हूं. '
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में वोटिंग शुरू हो गई है. तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग है. वहीं बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है. मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सुबह से ही वोटिंग सेंटर्स पर वोटरों की लंबी कतार देखी जा रही है.

चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज (Stella Maris College) में बनाए गए मतदान केंद्र पर आज सुबह मॉक पोलिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसके बाद सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी.चेन्नई के इस प्रतिष्ठित कॉलेज में मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि लोग बिना किसी दिक्कत के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर सकें.
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में पीठासीन अधिकारी स्वाति सरकार पाल ने वोटिंग को लेकर कहा, 'सुरक्षाकर्मी बाहर का इंतज़ाम संभालेंगे और वोटरों को अंदर भेजेंगे. इन चुनावों में BLO की अहम भूमिका होती है और वे वोटरों को वोट डालने के लिए अंदर भेजते हैं... EVM ठीक से काम कर रही है. अगर कोई दिक्कत आती है, तो हम सेक्टर ऑफिसर को जानकारी देंगे और मशीन 15 मिनट के अंदर बदल दी जाएगी.'
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज मतदान शुरू हो गया है, जिसमें 16 जिलों (8 उत्तर बंगाल और 8 दक्षिण-मध्य बंगाल) की कुल 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू होगी और लगभग 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1,452 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे. शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए सुबह से ही लंबी कतारों में नजर आ रहे हैं. (इनपुट-इंद्रजीत)