विधानसभा चुनाव में हो रही मतगणना में रुझान आ रहे हैं. तमिलनाडु में जिस तरह की स्थिति दिख रही है, उससे बड़ उलटफेर नजर आ रहा है. 2 साल पुरानी एक्टर विजय की पार्टी TVK नंबर वन के तौर पर उभरी है. TVK कुल 234 सीटों में से 102 पर आगे चल रही है.
सत्ताधारी डीएमके तीसरे नंबर पर खिसक गई है. AIADMK दूसरे नंबर पर है. तमिलनाडु के CM स्टालिन अपनी सीट कोलाथुर से पिछड़ गए हैं, वहीं उदयनिधि स्टालिन भी अपनी सीट से पिछड़ गए हैं.
टीवीके ने बनाई है शानदार बढ़त
शुरुआती रुझानों के अनुसार टीवीके 91 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्तारूढ़ डीएमके तीसरे स्थान पर खिसकती नजर आ रही है. राजधानी चेन्नई की सभी 16 सीटों पर टीवीके उम्मीदवारों की बढ़त ने सबको चौंका दिया है. खास तौर पर कोलाथुर सीट पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को कड़ी चुनौती मिल रही है. शुरुआती दौर में डाक मतों की गिनती में आगे रहने के बाद अब वह पीछे होते दिख रहे हैं और टीवीके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं.
उदयनिधि स्टालिन को बताया था डेंगू-मलेरिया
वहीं चेपौकम सीट पर उदयनिधि स्टालिन भी पिछड़ते नजर आ रहे हैं. यह वही उदयनिधि स्टालिन हैं, जिनके सनातन धर्म पर दिए गए बयान को लेकर पहले काफी विवाद हुआ था. अब चुनावी मैदान में उन्हें कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है और टीवीके उम्मीदवार यहां बढ़त बनाए हुए हैं. ताजा रुझानों में टीवीके करीब 78 से अधिक सीटों पर आगे है, जबकि AIADMK लगभग 59 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं डीएमके करीब 53 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है.
सितंबर 2023 में एक कार्यक्रम के दौरान उदयनिधि ने कहा था- 'सनातन का सिर्फ विरोध नहीं किया जाना चाहिए. बल्कि, इसे समाप्त ही कर देना चाहिए. तब वह सनातन उन्मूलन सम्मेलन में हिस्सा ले रहे थे. उन्होंने कहा था 'सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है. कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें खत्म ही कर देना चाहिए. हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना का विरोध नहीं कर सकते. हमें इसे मिटाना है. इसी तरह हमें सनातन को भी मिटाना है.'