scorecardresearch
 

पश्चिम बंगाल में ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेंगे PM मोदी, ₹18,680 करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात

पीएम मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान पीएम मोदी राज्य को करीब ₹18,680 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे.

Advertisement
X
कोलकाता में पीएम मोदी की रैली (फाइल फोटो)
कोलकाता में पीएम मोदी की रैली (फाइल फोटो)

पीएम मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे. कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम मोदी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और राज्य के लिए लगभग 18,680 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे. बंगाल की सियासत के लिहाज से यह कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि माना जा रहा है कि अगले ही हफ्ते चुनाव आयोग की ओर से तारीखों का ऐलान हो सकता है.

बीजेपी के लिए यह रैली काफी मायने रखती है, क्योंकि इसके जरिए पार्टी के राज्यव्यापी परिवर्तन यात्रा अभियान का अंत होगा. 1 मार्च से शुरू हुई यह मुहिम प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में करीब 10,000 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है. भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का मानना है कि इस यात्रा की वजह से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत हुआ है और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है. साल 2021 के चुनावों के बाद इस मैदान पर पीएम मोदी की यह पहली बड़ी सभा होगी.

यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव: बीजेपी का मेगा प्लान... पहली लिस्ट में 160 नाम फाइनल, शुभेंदु समेत इन दिगग्जों पर दांव लगाने की तैयारी 

बदली हुई वोटर लिस्ट के बीच अहम दौरा

प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य की मतदाता सूची में बड़े बदलाव सामने आए हैं. हालिया आंकड़ों के अनुसार, लिस्ट से करीब 63.66 लाख नाम हटा दिए गए हैं, जो कुल वोटर्स का लगभग 8.3 प्रतिशत हिस्सा है. इस प्रक्रिया के बाद अब बंगाल में मतदाताओं की संख्या घटकर 7.04 करोड़ के करीब रह गई है. इसके साथ ही करीब 60 लाख अन्य नामों की अभी कानूनी जांच चल रही है.

Advertisement

सड़कों का जाल और आर्थिक कॉरिडोर

कल होने वाले कार्यक्रमों में बुनियादी ढांचे के विकास पर खास ध्यान दिया गया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पीएम मोदी लगभग 16,990 करोड़ रुपये की लागत वाली नेशनल हाईवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसमें सबसे खास खड़गपुर-मोरग्राम इकोनॉमिक कॉरिडोर है, जिसकी लंबाई 231 किलोमीटर होगी. इन नई सड़कों के तैयार होने से पश्चिम बंगाल और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी, जिससे स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा.

यह भी पढ़ें: 'हमारा तो एकला चलो है...', जब लोकसभा में बोलीं टीएमसी सांसद सयानी घोष

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे 6 स्टेशन

रेलवे के क्षेत्र में भी प्रदेश को बड़ी उपलब्धियां मिलने जा रही हैं. पीएम मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए रूप में तैयार किए गए राज्य के छह रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे. इन जगहों पर यात्रियों के लिए एयरपोर्ट जैसी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं. इसके अलावा, बंदरगाह और जहाजरानी क्षेत्र से जुड़ी कई अन्य योजनाओं की नींव भी कल के कार्यक्रम के दौरान रखी जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement