असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. मंगलवार को निर्मला सीतारमण ने बीजेपी का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया. इसमें पार्टी ने फिर से सत्ता में आने पर प्रदेश में पांच लाख करोड़ के निवेश के साथ ही जमीन जिहाद पर रोक का वादा किया है.
गुवाहाटी स्थित असम बीजेपी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जारी घोषणापत्र को पार्टी ने संकल्प पत्र नाम दिया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और असम बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया के साथ केंद्र की मोदी सरकार में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह घोषणापत्र जारी किया. इस मौके पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बीजेपी सरकार में असम की अर्थव्यवस्था का तेजी से विकास हुआ है.
उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में प्रदेश की जीडीपी करीब तीन गुना बढ़ गई है. निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय भी 2020-21 में 1 लाख 3 हजार रुपये से बढ़कर 2024-25 में 1 लाख 59 हजार रुपये पहुंच गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि असम में 10 साल में ऐसा बदलाव आया है, जो कांग्रेस के छह दशकों के शासन में भी संभव नहीं हो पाया.
निर्मला सीतारमण ने आगे कहा कि युवाओं के लिए हम सिर्फ रोजगार नहीं बना रहे, बल्कि ऐसा आधुनिक और वैश्विक स्तर का इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं कि दुनिया भर में मौजूद असमिया प्रतिभाएं अब अपने प्रदेश वापस लौटना चाहती हैं. उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 50 साल में ब्रह्मपुत्र नदी पर तीन बड़े पुल बने थे और बीजेपी की सरकार में केवल 10 वर्षों में ही नौ पुल बनाए गए हैं. निर्मला सीतारमण ने कहा कि पांच और पुल अभी निर्माणाधीन हैं.
यूसीसी, लव जिहाद पर सख्त एक्शन का भी वादा
बीजेपी ने असम में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, दो लाख नौकरियां देने का भी वादा किया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने यह भी स्पष्ट किया कि छठी अनुसूची में शामिल क्षेत्रों के साथ ही अनुसूचित जनजाति के क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा. लव जिहाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और असम को बाढ़मुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे. सरकार गठन के बाद शुरुआती दो वर्ष में बाढ़मुक्त असम के निर्माण के लिए 18 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: गुवाहाटी में अमित शाह का मेगा रोड शो, बोले- असम में फिर खिलेगा कमल, 90 से ज्यादा सीटें जीतेंगे
सीएम ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज, वन यूनिवर्सिटी, वन इंजीनियरिंग कॉलेज’ को अपना लक्ष्य बताया और कहा कि अगले पांच साल में हम दो लाख रोजगार देंगे. वहीं, असम बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि 'सुरक्षित असम, विकसित असम' का निर्माण बीजेपी का लक्ष्य है. उन्होंने यह भी कहा कि पूरे प्रदेश से मिले कुल दो लाख 45 हजार सुझावों को समेटकर पार्टी ने यह संकल्प पत्र तैयार किया है.
यह भी पढ़ें: असम-केरल-पुडुचेरी चुनाव में 2.3 लाख मतदाता घर बैठे करेंगे वोट, बुजुर्ग और दिव्यांगों को मिलेगी सुविधा
असम के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह संकल्प पत्र बीजेपी ने नहीं, असम की जनता ने तैयार किया है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य असम को देश का सबसे मजबूत राज्य बनाना है. गौरतलब है कि असम विधानसभा की सभी 126 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान हो रहा है. असम की अगली सरकार चुनने के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा. इन सीटों के लिए चुनाव प्रचार 7 अप्रैल को थम जाएगा. चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे.