मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली में हुए विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी नजर आई, लेकिन उनके तेवर को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं. संसद से चुनाव आयोग तक निकले इस मार्च में राहुल गांधी के पीछे अखिलेश शांत भाव से चलते दिखे, जिससे कयास लगाए जाने लगे कि क्या यूपी में सीटों के पेच के कारण सपा और कांग्रेस के बीच दूरी बढ़ रही है.
हालांकि, समाजवादी पार्टी और खुद अखिलेश यादव ने इन सभी अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है. सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि कांग्रेस से न कोई दूरी और न ही दरार बल्कि अखिलेश यादव के 102 डिग्री बुखार था. इसके बावजूद अखिलेश यादव लखनऊ से दिल्ली पहुंचे और सीधे विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए.
102 डिग्री के बाद भी अखिलेश प्रोटेस्ट में पहुंचे-सपा
सपा प्रवक्ता ने कहा कि अगगर सपा और कांग्रेस में कोई दूरी होती, तो अस्वस्थ होने के बावजूद अखिलेश यादव सुबह-सुबह लखनऊ से विशेष रूप से दिल्ली इस प्रदर्शन में शामिल होने नहीं पहुंचते. अखिलेश यादव मंगलवार को 9:00 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उतर के सीधे-सीधे विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए. हमारे सारे सांसद, राज्यसभा सांसद और लोकसभा सांसद विरोध प्रदर्शन में शामिल थे. पूरी मुस्तैदी से सांसदों ने बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ाई तक कर दी.
सपा नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि जहां तक अखिलेश की बात है. उन्हें पिछले 2 दिन से लगातार 102 डिग्री के ऊपर बुखार चल रहा था. डॉक्टरों ने स्वास्थ्य लाभ के लिए उन्हें आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन सुबह 7:30 बजे की फ्लाइट से अखिलेश यादव दिल्ली पहुंचे और विपक्षी सांसदों के साथ अपनी एकजुटता दिखा. साथ ही उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलेगी.
खुद अखिलेश यादव ने क्या कहा?
चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान जब दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर विपक्षी सांसदों को रोका और उन्हें हिरासत में लेना शुरू किया, तब अखिलेश यादव ने खुद अपनी सेहत का हवाला दिया. पत्रकारों से बात करते हुए सपा प्रमुख ने मुस्कुराते हुए कहा, 'इस बार स्वास्थ्य साथ नहीं दे रहा है, नहीं तो अभी बैरिकेडिंग तोड़ देते, चले जाते, कूद जाते..."
सपा का कहना है कि पूर्व में हुए विरोध प्रदर्शनों में अखिलेश यादव बैरिकेड्स फांदने और आक्रामक रुख अपनाने के लिए जाने जाते रहे हैं, लेकिन मंगलवार को अस्वस्थ होने के कारण वे शारीरिक रूप से अधिक भाग-दौड़ करने या आक्रामक प्रदर्शन करने की स्थिति में नहीं थे.