डिलीवरी बॉय या बाइक राइडर का काम करके आखिर कितनी कमाई हो सकती है. जो लोग इस फील्ड से जुड़े हैं या जुड़ना चाहते हैं, वो अक्सर इस बारे में सोचते ज़रूर हैं. हाल ही में एक पॉडकास्ट में कुछ गिग वर्कर्स ने बातचीत करते हुए बताया कि वो 40 से 60 हज़ार रुपये की कमाई कर रहे हैं और अगर कोई ज्यादा मेहनत करके किसी महीने 1 लाख रुपये कमाना चाहता है, तो वो भी संभव है.
एक पॉडकास्ट में डिलीवरी का काम करने वाले प्रतापगढ़ के विजय कुमार ने बताया कि वह 2018 से यह काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जोमाटो में उन्होंने काफी समय तक साइकिल से काम किया है. उनके मुताबिक कमाई 30 से 35 तक पहुंच जाती है और कभी कभी किसी महीने में 40 तक भी पहुंच जाती है.
वहीं उनके साथ आए राज ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के जरिए इस काम में आए थे. उन्होंने कहा कि वह छोटी सी उम्मीद लेकर यहां आए थे, तब उनके पास 3 ही हज़ार रुपये थे. अब वो दबा कर कमाई कर रहे हैं. राज के मुताबिक इससे पहले वह मजदूरी करते थे और यहां आने के बाद उनके दोस्त ने उन्हें स्कूटर दिलाया. उन्होंने कहा कि वह डेली 1700, 1800, 2000, प्लस कर देते हैं.
राज़ के मुताबिक वो रैपिडो का काम करते हैं, क्यूंकि बस कस्टमर को एक जगह से दूसरी जगह छोड़ना होता है. वो डिलीवरी का काम पसंद नहीं करते हैं, क्यूंकि उसकी अपनी मुश्किलें हैं. सामान लेने या देने के लिए कई बार इंतज़ार करना होता है, कई मंज़िल चढ़ना पड़ता है. इस वजह से वो सिर्फ बाइक राइडर के तौर पर काम करता है.
आपको बता दें कि पिछले कुछ साल में भारत में गिग वर्कर इकॉनोमी ने बूम किया है, खासकर मेट्रो शहरों में बड़ी संख्या में लोग डिलीवरी बॉय या फिर बाइक राइडर के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे जुड़ने के लिए एक तय प्रक्रिया से होकर गुजरना पड़ता है, कई जगह ये बात सामने आई है कि कई राइडर इस काम को करके महीने के औसतन 30 से 50 हज़ार रुपये तक कमा रहे हैं. हालांकि, हर किसी के अपने-अपने दावे हैं और अपनी-अपनी मुश्किलें हैं.