सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने रविवार को री‑इवैल्यूएशन के नतीजे घोषित कर दिए हैं. यह नतीजे उन छात्रों के लिए जारी किए गए हैं, जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा की आंसर शीट के वेरिफिकेशन और री‑इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया था. सीबीएसई ने पहले चरण में 87% से अधिक आवेदनों के परिणाम जारी किए हैं.
बोर्ड ने जानकारी दी है कि नतीजे चरणों में जारी किए जा रहे हैं और आज कुल आवेदनों में से 87% से ज्यादा के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. बाकी आवेदनों के नतीजे भी चरणों में उपलब्ध होंगे और पूरी प्रक्रिया जल्द ही पूरी होने की उम्मीद है.
वहीं, छात्र डिजिलॉकर रिजल्ट पोर्टल के माध्यम से अपनी एप्लीकेशन का स्टेटस देख सकते हैं. सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि इवैल्यूएशन प्रक्रिया में निष्पक्षता और सटीकता बनाए रखने के लिए हर आवेदन पर मजबूत, पारदर्शी और बारीकी से मॉनिटरिंग की गई है.
यह भी पढ़ें: NEET परीक्षा की वजह से PM मोदी ने 45 मिनट एयरपोर्ट पर किया इंतजार, जानिए क्यों?
साथ ही, बोर्ड ने यह भी कहा कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान स्टूडेंट्स को गाइडेंस और मदद देने के लिए उसके ऑफिस उपलब्ध रहेंगे.
बोर्ड ने बताया कि स्टूडेंट्स अपनी लॉगिन जानकारी का इस्तेमाल करके सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट results.digilocker.gov.in पर अपने अपडेटेड मार्क्स चेक कर सकते हैं.
इस बीच, सीबीएसई ने पहली बार उन छात्रों को अपने रीजनल ऑफिस में जाकर आंसर शीट देखने की अनुमति दी है, जिनके वेरिफिकेशन रिजल्ट में 'नो चेंज' दिखाया गया था.
बता दें इससे पहले यह विकल्प उपलब्ध नहीं था. सूत्रों के अनुसार, यह कदम छात्रों की चिंताओं को दूर करने और वेरिफिकेशन व री‑इवैल्यूएशन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है. माना जा रहा है कि इससे उन छात्रों को मदद मिलने की उम्मीद है जो अभी भी अपने परिणाम से असंतुष्ट हैं.
बोर्ड ने छात्रों और माता-पिता को यह सलाह भी दी है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या अनवेरिफाइड जानकारी पर भरोसा न करें, और सही अपडेट के लिए केवल सीबीएसई की आधिकारिक जानकारी पर ही ध्यान दें.