सरकारी नौकरी के पदों पर आवेदन करते हुए भी उम्मीदवारों को कई तरह की चिंता रहती है. लेकिन इंटरव्यू उनमें से एक है. हर भर्ती परीक्षाओं के लिए चयन का तरीका अलग होता है. कहीं, सिलेक्शन रिटन एग्जाम, मेरिट के आधार तो कहीं इंटरव्यू या डायरेक्ट भर्ती के तहत होता है. कहीं पर केवल डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के साथ चयन होता है. लेकिन यहां पर हम आपको बताएंगे कि कौन से वह सरकारी नौकरियां हैं, जिनपर सिलेक्शन केवल एग्जाम के आधार पर होती है.
SSC CGL
ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर चुके उम्मीदवारों के लिए एसएससी सीजीएल एक मुख्य परीक्षा हो सकती है. इसमें नौकरी पाने के लिए उम्मीदवारों को पहले टियर-1 और फिर टियर-2 परीक्षा देनी होती है. इसके बाद जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाती है. खास बात यह है कि इस भर्ती प्रक्रिया में इंटरव्यू का चरण नहीं होता है. एसएससी सीजीएल के जरिए केंद्र सरकार के कई विभागों और महत्वपूर्ण पदों पर नौकरी पाने का मौका मिलता है.
SSC CHSL
वहीं, 12वीं पास छात्रों के लिए SSC CHSL काफी लोकप्रिय है. इसमें उम्मीदवारों को टियर-1 और 2 की परीक्षा देनी होती है और इसके बाद स्किल टेस्ट या टाइपिंग टेस्ट भी देना होता है. लास्ट में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के साथ प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
SSC GD
एसएससी जीडी भर्ती 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक विकल्प है. इस भर्ती में उम्मीदवारों को सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा देनी होती है. इसके बाद फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (पीईटी), फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (पीएसटी), मेडिकल जांच और दस्तावेजों की जांच जैसे चरण होते हैं. इस पूरी चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू नहीं होता.
SSC MTS में इंटरव्यू का झंझट नहीं
10वीं पास उम्मीदवारों के लिए एसएससी एमटीएस भी सरकारी नौकरी का एक विकल्प है. इसमें उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से कंप्यूटर आधारित परीक्षा और दस्तावेजों की जांच के जरिए किया जाता है. वहीं, हवलदार पद के उम्मीदवारों को मेडिकल जांच के चरण से भी गुजरना पड़ता है. इस भर्ती में इंटरव्यू नहीं होता.
रेलवे में भी कई मौके
रेलवे की आरआरबी ग्रुप डी भर्ती में 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (पीईटी), दस्तावेजों की जांच और मेडिकल परीक्षा शामिल होती है. वहीं, आरआरबी एनटीपीसी में 12वीं पास के साथ-साथ ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए भी अलग-अलग पद होते हैं. पद के अनुसार चयन प्रक्रिया में सीबीटी का पहला और दूसरा चरण, कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट या टाइपिंग स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा शामिल हो सकती है.इसमें भी इंटरव्यू का चरण नहीं होता.