कई बार छात्र तय समय पर अपनी डिग्री पूरी नहीं कर पाते हैं. कभी किसी का कोई पेपर छूट जाता है, तो कभी परीक्षा देने के सभी मौके खत्म हो जाते हैं. ऐसे छात्रों को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (GGSIPU) ने एक और मौका दिया है. यूनिवर्सिटी ने अंडरग्रेजुएट (UG) और पोस्टग्रेजुएट (PG) कोर्स के पात्र छात्रों के लिए अतिरिक्त फाइनल परीक्षा का ऐलान किया है. इसके जरिए वे अपने बचे हुए पेपर पास कर डिग्री पूरी कर सकते हैं. इस सुविधा के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 6 नवंबर 2026 है.
किन छात्रों को मिलेगा मौका?
बता दें कि यूनिवर्सिटी ने यह सुविधा ऑर्डिनेंस 10, 11 और 25 के तहत दी है. यह उन छात्रों के लिए है जिनके कोर्स की तय अवधि समाप्त हो चुकी है और जून 2026 तक परीक्षा देने के अधिकतम मौके भी खत्म हो गए हैं.
हालांकि, इस सुविधा का लाभ हर छात्र नहीं उठा सकेगा. इसके लिए जरूरी है कि छात्र ने अपने कोर्स की बाकी सभी शर्तें पूरी कर ली हों और सिर्फ कुछ पेपर पास करना बाकी हो. जिन छात्रों के नियमित परीक्षा देने के मौके अभी बचे हुए हैं, वे इस अतिरिक्त अवसर के लिए आवेदन नहीं कर सकते.
6 नवंबर तक जमा कर सकते हैं आवेदन
इस परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक छात्रों को 6 नवंबर 2026 तक आवेदन जमा करना होगा. आवेदन के साथ उन सभी विषयों या पेपर की सूची देनी होगी जिनकी परीक्षा वे दोबारा देना चाहते हैं. आवेदन फॉर्म पर संबंधित डीन, डायरेक्टर या प्रिंसिपल के साइन होना जरूरी है. बिना जरूरी हस्ताक्षर वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
कब होंगी परीक्षाएं?
यूनिवर्सिटी की ओर से जारी प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी. इनका आयोजन ऑड और इवन दोनों सेमेस्टर के लिए होगा.
ऑड सेमेस्टर: दिसंबर 2026 से जनवरी 2027
इवन सेमेस्टर: मई से जून 2027
कितनी देनी होगी फीस?
इस अतिरिक्त परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को 25,000 रुपये कंटिन्यूएशन फीस देनी होगी. इसके अलावा हर विषय की परीक्षा के लिए 1,200 रुपये अलग से जमा करने होंगे. यानी कुल फीस इस बात पर निर्भर करेगी कि छात्र कितने पेपर दोबारा देना चाहते हैं.