scorecardresearch
 

Canva में क्यों हुई 1,271 कर्मचारियों की छंटनी? CEO ने बताई वजह

Canva ने 1,271 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है. कंपनी अपने ग्लोबल ऑपरेशन में बदलाव करते हुए अलग-अलग देशों में फैली टीमों को एक साथ जोड़ने और सिडनी को अपना मुख्य कामकाजी केंद्र बनाने की तैयारी कर रही है. कंपनी का यह फैसला ऐसे समय आया है जब करीब एक दशक में पहली बार उसके कारोबार की ग्रोथ धीमी हुई है.

Advertisement
X
कैनवा में नौकरी से निकाले गए 1,200 से अधिक कर्मचारियों को एक व्यापक सेवरेंस पैकेज. (Joel Carrett/AAP/via REUTERS)
कैनवा में नौकरी से निकाले गए 1,200 से अधिक कर्मचारियों को एक व्यापक सेवरेंस पैकेज. (Joel Carrett/AAP/via REUTERS)

दुनिया भर में इस्तेमाल होने वाले डिजाइन प्लेटफॉर्म Canva ने भी अब छंटनी का ऐलान कर दिया है. कंपनी के 1,271 कर्मचारी यानी कुल वर्कफोर्स का करीब 22 फीसदी हिस्सा इस फैसले से प्रभावित होगा. इस लेकर अब कंपनी की CEO मेलानी पर्किन्स ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में इसे अपने 13 साल के इतिहास का सबसे मुश्किल पल बताया है. हालांकि, इस बदलाव के तहत सभी प्रभावित कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, ऐसा नहीं है. कुछ कर्मचारियों की भूमिका बदली जाएगी जबकि कुछ को दूसरे शहरों में शिफ्ट होने के लिए कहा जा सकता है.

1,271 कर्मचारियों पर पड़ेगा असर

Canva की को-फाउंडर और CEO मेलानी पर्किन्स ने 4 नवंबर को कर्मचारियों के साथ शेयर किए गए मैसेज में बताया कि कंपनी अपने काम करने के तरीके, टीमों की संरचना और भविष्य में जरूरी स्किल्स में बदलाव कर रही है. इस फैसले से 1,271 कर्मचारी प्रभावित होंगे, जो कंपनी की कुल वर्कफोर्स का लगभग 22 प्रतिशत है. कंपनी के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों की भूमिकाओं में बदलाव होगा या कुछ कर्मचारियों को ऑफिस हब में जाने के लिए कहा जाएगा. वहीं, कुछ कर्मचारियों को कंपनी से विदाई भी लेनी होगी. पर्किन्स ने इस फैसले से प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों को होने वाली परेशानी के लिए खेद जताया है.

क्यों लिया गया छंटनी का फैसला?

CEO के मुताबिक, Canva के कारोबार की ग्रोथ एक दशक में पहली बार धीमी हुई है. कंपनी ने इसे अपना अब तक का सबसे मुश्किल साल बताया है. पर्किन्स ने कहा कि अगले दशक की तैयारी के लिए कंपनी को अपने कामकाज के ढांचे में बड़े बदलाव करने होंगे. छोटे-मोटे बदलाव से यह मकसद पूरा नहीं हो सकता. हालांकि, कंपनी का कहना है कि वह छोटी और ज्यादा स्वतंत्र टीमों के साथ काम करना चाहती है ताकि फैसले जल्दी लिए जा सकें और कर्मचारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट हो. हालांकि, CEO के संदेश में AI को सीधे तौर पर छंटनी की वजह नहीं बताया गया है. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब डिजाइन और सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में AI टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल से प्रतिस्पर्धा और कारोबार के तरीकों में बदलाव हो रहा है.

Advertisement

टीमें और मैनेजमेंट स्ट्रक्चर भी बदलेगा

Canva अपने प्रोडक्ट, ग्रोथ और प्लेटफॉर्म टीमों को एक ही प्रोडक्ट संगठन के तहत लाने की योजना बना रही है. इसका उद्देश्य अलग-अलग टीमों के बीच तालमेल बढ़ाना और काम में होने वाली देरी कम करना है. इसके अलावा, कंपनी मैनेजमेंट की परतों को कम करेगी और कुछ विशेष भूमिकाओं को मिलाकर व्यापक जिम्मेदारियां तय करेगी. कंपनी चाहती है कि टीमें किसी प्रोजेक्ट को शुरू से अंत तक संभाल सकें और फैसलों के लिए बार-बार अलग-अलग विभागों पर निर्भर न रहना पड़े.

सिडनी बनेगा कंपनी का मुख्य केंद्र

Canva अपने कुछ प्रोडक्ट और अन्य टीमों को सिडनी में केंद्रित करने की योजना बना रही है. कुछ कर्मचारियों को वहां शिफ्ट होने के लिए कहा जा सकता है और कंपनी ऐसे कर्मचारियों को स्थानांतरण में मदद देगी. जनवरी से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों से सप्ताह में करीब दो से तीन दिन ऑफिस जाना होगा. कंपनी का कहना है कि अलग-अलग देशों में काम करने के फायदे हैं, लेकिन जटिल समस्याओं को हल करने के लिए टीमों का एक साथ काम करना भी जरूरी है.

प्रभावित कर्मचारियों को क्या मिलेगा?

कंपनी ने नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए सहायता पैकेज का भी ऐलान किया है. वहीं, प्रभावित कर्मचारियों को कम से कम छह महीने की सैलरी और कानूनी रूप से मिलने वाले भुगतान दिए जाएंगे. इसके अलावा, उन्हें करियर कोचिंग, इंटरव्यू की तैयारी और एक साल के लिए LinkedIn Premium की सुविधा मिलेगी.

Advertisement

कंपनी ने यह भी कहा है कि प्रभावित कर्मचारी अपने कंपनी MacBook अपने पास रख सकेंगे. कुछ कर्मचारियों को नया कारोबार या सामुदायिक प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए 10,000 डॉलर की ग्रांट के लिए आवेदन करने का मौका भी मिलेगा. Canva का यह फैसला दिखाता है कि कंपनी अपने संगठन को नए सिरे से तैयार करना चाहती है. लेकिन इस बदलाव का असर उन 1,271 कर्मचारियों पर पड़ेगा, जिनके लिए अब करियर की अगली राह तलाशना जरूरी होगा.

---- समाप्त ----
रिपोर्टर- अमन अग्रवाल
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement