ग्रेटर नोएडा में एक निजी हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई. महिला की मौत के बाद नाराज परिवार वालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्पिटल में जमकर हंगामा किया. हंगामा देख डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए. इसके बाद हॉस्पिटल में मौजूद बाकी मरीज परेशान हो गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया और परिवार वालों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले को शांत कराया गया.
यह घटना दादरी के रेलवे रोड पर स्थित रावल हॉस्पिटल है. जहां उपरलसी गांव का रहने वाला अनुज अपनी प्रेग्नेंट पत्नी आरती को लेकर डिलीवरी के लिए आए थे. आरती ने बच्चे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म देने के बाद आरती को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया लेकिन कुछ देर बाद आरती की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसके पति को बताया कि आरती की तबीयत बिगड़ गई है. उसको और ब्लड की जरूरत पड़ेगी.
डॉक्टरों के कहने के बाद आरती का पति ब्लड लेने के लिए ब्लड बैंक चला गया, जब वह वहां से लौटा तो डॉक्टरों ने पहले ही आरती को एंबुलेंस में डाल दिया और पति के आने के बाद अन्य हॉस्पिटल में ले जाने के लिए कहा, जैसे ही अपनी पत्नी को लेकर दूसरे हॉस्पिटल के लिए निकला तो रास्ते में आरती की मौत हो गई.
आरती की मौत की खबर सुनते ही परिवार वाले नाराज हो गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. हंगामे को देख हॉस्पिटल में मौजूद सभी डॉक्टरों के साथ पूरा स्टॉफ भी वहां से फरार हो गया. इसी बीच हॉस्पिटल में पहले से ही मौजूद मरीज परेशान हो गए. पुलिस में मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गयी है.