गाज़ियाबाद जिले से लापता दसवीं की छात्रा का शव शनिवार को मेरठ के परतापुर इलाके से बरामद हुआ है. मृतक छात्रा बीती 26 दिसंबर को मोदीनगर से लापता हो गई थी. तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
गाजियाबाद के मोदीनगर में बीती 26 दिसंबर को कृष्णा नगर निवासी नीलम अचानक लापता हो गई थी. तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. जिसके चलते पुलिस ने नीलम को मृत अवस्था में मेरठ के परतापुर इलाके से बरामद कर लिया.
एस.पी. (रूरल) अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि घटना का खुलासा करने के लिए टीमें गठित की गई हैं. जल्दी ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा. लड़की के घर के पास तनाव देखते हुए मोदी नगर के कृष्णा नगर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. लड़की के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
लड़की के पिता वहीं एक मंदिर में पुजारी हैं. मूलरूप से उनका परिवार मथुरा का रहने वाला है. लेकिन वे बीते 15 सालों से गाजियाबाद के मोदीनगर में ही रहते हैं. नीलम की मां का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से उनकी बेटी की जान गई है. अगर पुलिस शुरुआत में ही कोशिश करती तो आज उनकी बेटी उनके साथ होती.
नीलम की मौत से पूरा परिवार सदमे में है. इस मामले में बरतने के आरोप में मोदीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है. जबकि सीओ राज़ कुमार सिंह का ट्रांसफर किया गया है.
आपको बता दें कि कुछ महिनों पहले भी मोदीनगर थाने में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को इसी तरह के एक मामले में लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया गया था. अब पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.