दिल्ली में 24 घंटे के अंदर 9 हत्याओं की घटनाओं को लेकर ट्विटर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली पुलिस के बीच भिड़ंत हो गई है. दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने 9 हत्याओं को लेकर ट्वीट किया, तो दिल्ली पुलिस ने भी फौरन जवाबी ट्वीट कर दिया. दिल्ली पुलिस ने आंकड़ों के हवाले से केजरीवाल को बताया कि दिल्ली में गंभीर अपराधों की संख्या में कमी आई है, जो दिल्ली पुलिस के प्रयासों का नतीजा है.
वहीं, सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में गंभीर अपराधों में तेजी से इजाफा देखा जा रहा है. वसंत विहार में बुजुर्ग दंपति और उनके घरेलू नौकर की हत्या कर दी गई. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 9 हत्याएं हुईं. दिल्लीवासियों को अपनी सुरक्षा के लिए किसका दरवाजा खटखटाना चाहिए.
Delhi is witnessing a dangerous spurt in serious crimes. An elderly couple and their domestic help murdered in Vasant Vihar. Nine murders reported in last 24 hours across the city. Whose door should be knocked for safety & security of Delhiites ?
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal)
इस दौरान आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी, मोदी सरकार और उपराज्यपाल पर करारा हमला बोला. आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना ने कहा, 'दिल्ली में वासेपुर जैसा सीन है. यहां महिलाएं रात 8 बजे के बाद घर से बाहर कदम रखने से डरती हैं. पहले दिल्ली के महरौली से मर्डर की खबर आई, फिर द्वारका में पति-पत्नी की हत्या कर दी गई और अब वसंत विहार से बुजुर्ग दंपति की हत्या की खबर आ रही है.'
आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस हमले पर अब दिल्ली पुलिस ने पलटवार किया है. सीएम केजरीवाल को जवाब देते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा कि दिल्ली में ऐसे अपराधों में इजाफा नहीं हुआ है. पिछले साल की तुलना में इस बार जघन्य अपराधों में 10 फीसदी की कमी आई है. इसी तरह बुजुर्गों के खिलाफ गंभीर अपराधों में भी 22 फीसदी कमी आई है. ये सब दिल्ली पुलिस की कोशिशों का नतीजा है.'
No such increase in crime in Delhi. Overall heinous crimes down by 10 % this year compared to 2018. Similarly
heinous crime committed against senior citizens also down by 22% due to preventive efforts of Delhi police.
— Delhi Police (@DelhiPolice)
दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, 'दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल जिन तीन हत्याकांड की बात कर रहे हैं, उनमें से दो हत्याकांड को परिजनों या मृतकों के साथ घर में रहने वाले लोगों ने अंजाम दिया है. दोनों मामलों को सुलझा लिया गया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. वसंत विहार हत्याकांड मामले में भी घर में दोस्ताना अंदाज में प्रवेश करने और वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है. इसके पुलिस के पास अहम सुराग हैं.
Also two of the three incidents of murder which Hon’ble CM is referring have been committed by family members or persons living in the house. Both cases are solved & accused arrested. In the Vasant Vihar case also entry is friendly and police has vital leads.
— Delhi Police (@DelhiPolice)