scorecardresearch
 

दिल्ली के बच्चे को मुंबई में बेचने की फिराक में था किडनैपर, ऐसे हुआ गिरफ्तार

ड्रग्स के लिए अपहरणकर्ता बच्चे को बेचने की फिराक में था. लेकिन उसके पहले ही दिल्ली पुलिस की टीम ने आरोपी को मुंबई के माहिम रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया. 

Advertisement
X
दिल्ली से अपहरण हुआ बच्चा मुंबई के धारावी से बरामद.
दिल्ली से अपहरण हुआ बच्चा मुंबई के धारावी से बरामद.
स्टोरी हाइलाइट्स
  • दिल्ली से अपहरण हुआ बच्चा मुंबई के धारावी से बरामद
  • आरोपी मुंबई के माहिम रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार
  • कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस

दिल्ली के शाहदरा इलाके से अपहृत बच्चा मुंबई के धारावी से बरामद किया गया. ड्रग्स के लिए अपहरणकर्ता बच्चे को बेचने की फिराक में था. लेकिन उसके पहले ही दिल्ली पुलिस की टीम ने आरोपी को मुंबई के माहिम रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया. 

25 नवंबर को मानसरोवर पार्क थाना में एक महिला ने शिकायत दी कि उसका 10 साल का बच्चा घर के बाहर से गायब हो गया है. पुलिस ने इस मामले में तुरंत अपहरण की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. कई सीसीटीवी फुटेज के लिए कैमरों को भी खंगाला लेकिन बच्चे या फिर आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला. 

ऐसे हुआ था शक

इस बीच जांच में जुटी पुलिस को पता लगा कि 25 नवंबर से ही उस इलाके में रहने वाला एक ड्रग एडिक्ट भी दिखाई नहीं दे  रहा है. उस ड्रग एडिक्ट का नाम शिव शंकर उर्फ शिवा था. पुलिस ने शिवा को बच्चे की मां से फोन करवाया ताकि शिवा सतर्क न हो पाए. शिवा ने बच्चे की मां से कहा कि वह पठानकोट में है और उसे बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं है. और इसके बाद शिवा ने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया. इसके बाद जब पुलिस ने शिवा के मोबाइल नंबर को खंगाला तो पता लगा कि वह उस वक्त पठानकोट में नहीं, बल्कि एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती मुंबई के धारावी में था. 

Advertisement

एनजीओ के कार्यकर्ता से मिला क्लू

इसके बाद पुलिस को शिवा पर शक हो गया और फिर पुलिस ने उन नंबरों की जांच की जिनसे स्विच ऑफ करने के पहले शिवा ने बात की थी. इस दौरान पुलिस की बात धारावी के रहने वाले एक एनजीओ के कार्यकर्ता से भी हुई. एनजीओ के कार्यकर्ता ने पुलिस को बताया कि करीब 10 साल पहले शिवा धारावी में रहा करता था और अभी पिछले 2 दिन से वह वापस धारावी में आ कर रहा है और उसके साथ एक 10 साल का बच्चा भी है. 

फौरन मुंबई पहुंच गई दिल्ली पुलिस

इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम फौरन मुंबई पहुंच गई और धारावी में लोकल पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी. इसी दौरान दिल्ली पुलिस को पता लगा कि आरोपी माहिम रेलवे स्टेशन की तरफ है और बच्चा भी उसके साथ है. तुरंत दिल्ली पुलिस ने माहिम के पास से आरोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से बच्चे को सही सलामत बरामद भी कर लिया.

लालच देकर किया था अपहरण

आरोपी शिवा ने पूछताछ में बताया कि उसे ड्रग्स की लत है और उसने इस बच्चे को लालच देकर उसका अपहरण कर लिया और उसे लेकर मुंबई आया था ताकि इसे वह बेच सके और जो रकम मिले उससे अपने ड्रग्स की लत पूरी कर सके. 

Advertisement

 

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement