scorecardresearch
 

ऑपरेशन प्रहार: उत्तराखंड STF के हत्थे चढ़ा प्रकाश धामी हत्याकांड का इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित

उत्तराखंड STF ने रुद्रपुर पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. क्या है यह पूरा मामला, जानने के लिए पढ़ें ये पूरी कहानी.

Advertisement
X
शूटर रिंकू शर्मा पर 25 हजार का इनाम रखा गया था (फोटो-ITG)
शूटर रिंकू शर्मा पर 25 हजार का इनाम रखा गया था (फोटो-ITG)

उत्तराखंड के चर्चित पार्षद प्रकाश सिंह धामी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी राज्य में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत की गई है. आरोपी की गिरफ्तारी से इस बहुचर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस के लिए बेहद अहम साबित होगी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार वह STF के जाल में फंस गया.

यह पूरा मामला 12 अक्टूबर 2020 का है, जब रुद्रपुर के भदईपुरा इलाके में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. हमलावर कार में सवार होकर आए थे और घर के बाहर ही ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस महकमे में भी सनसनी फैल गई थी. इस हत्या को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी काफी हलचल देखी गई थी.

इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिससे जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिले. फुटेज में साफ दिखा था कि हमलावर बेहद पेशेवर तरीके से आए और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. पुलिस ने शुरुआती जांच में ही इसे सुनियोजित साजिश करार दिया था. इसके बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था.

Advertisement

जांच के दौरान सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ी हुई थी. आरोप है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए बाहरी शूटरों को सुपारी दी गई थी. इसी कड़ी में रिंकू शर्मा उर्फ पंडित का नाम सामने आया, जो कि मध्य प्रदेश का रहने वाला अंतरराज्यीय शूटर है. पुलिस के मुताबिक वह पेशेवर अपराधी है और कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दे चुका है.

STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया जा रहा था. टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही थी. आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन STF ने हार नहीं मानी और लगातार उसका पीछा करती रही. आखिरकार एक सटीक सूचना के आधार पर पुलिस को सफलता मिली.

विश्वसनीय इनपुट मिलने के बाद STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया. रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से कई अहम जानकारियां भी मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच को तेज किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि इस केस से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है.

Advertisement

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रिंकू शर्मा पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. उसकी गिरफ्तारी को कानून-व्यवस्था के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जांच एजेंसियां अब इस केस के बाकी पहलुओं और संभावित साजिशकर्ताओं की भी पड़ताल कर रही हैं. STF का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. इस गिरफ्तारी से न केवल इस केस में प्रगति होगी, बल्कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement