scorecardresearch
 

पंजाब के तरनतारन में BSF का बड़ा एक्शन, बॉर्डर पर पाकिस्तानी स्मगलर ढेर, कर रहा था घुसपैठ की कोशिश

पंजाब के तरनतारन में BSF ने बॉर्डर पार से हेरोइन की तस्करी की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी स्मगलर को मार गिराया. खेमकरण सेक्टर में हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं. पढ़ें इस कार्रवाई की पूरी कहानी.

Advertisement
X
मारे गए तस्कर का शव पुलिस को सौंप दिया गया है (फाइल फोटो-ITG)
मारे गए तस्कर का शव पुलिस को सौंप दिया गया है (फाइल फोटो-ITG)

पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई की है. बीती रात खेमकरण सेक्टर में बॉर्डर पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी स्मगलर को जवानों ने मार गिराया. बताया जा रहा है कि यह घुसपैठिया हेरोइन की तस्करी के मकसद से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था. BSF की मुस्तैदी के कारण उसकी कोशिश नाकाम हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन भी चलाया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

कंटीली तार के पास हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, खेमकरण के बॉर्डर इलाके में बॉर्डर पोस्ट कालिया और नूर वाला के बीच यह घटना हुई. यहां BSF की 142 बटालियन के जवान गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें नेशनल बॉर्डर पार करके कंटीली तार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना और आगे बढ़ने लगा. इसके बाद BSF जवानों ने फायरिंग की, जिसमें वह पाकिस्तानी घुसपैठिया मौके पर ही ढेर हो गया. माना जा रहा है कि वह हेरोइन की खेप लेकर भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था.

संदिग्ध सामान बरामद
फायरिंग के बाद जब BSF के जवानों ने इलाके की तलाशी ली तो मृत घुसपैठिए के पास से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद हुआ. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह सामान हेरोइन तस्करी से जुड़ा हो सकता है. सुरक्षा एजेंसियां बरामद वस्तुओं की जांच कर रही हैं. बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान कुछ अन्य पाकिस्तानी तस्कर भी मौजूद थे, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान की तरफ भागने में सफल रहे.

Advertisement

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद संबंधित थाना वल्टोहा की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और शव को अपने कब्जे में ले लिया है. इसके बाद बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल हॉस्पिटल के मुर्दाघर में रखवाया गया है. BSF और पंजाब पुलिस दोनों मिलकर इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

बॉर्डर पर बढ़ी ड्रोन और तस्करी की घटनाएं
बॉर्डर सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए और घुसपैठ के माध्यम से हेरोइन तस्करी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. कुछ दिन पहले इसी इलाके के पास एक पाकिस्तानी युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार भी किया गया था. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि अक्सर गेहूं की फसल कटने से पहले पाकिस्तानी तस्कर खेतों का फायदा उठाकर ज्यादा से ज्यादा हेरोइन भारत में पहुंचाने की कोशिश करते हैं. इसी वजह से इन दिनों सीमा पर चौकसी और भी ज्यादा बढ़ा दी गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement