scorecardresearch
 

Punjab: पुलिसकर्मियों पर लगातार हमले, ASI सुखचैन सिंह पर फायरिंग के बाद फिर घिरी मान सरकार

पंजाब में पुलिसकर्मियों पर हमलों का सिलसिला जारी है. अब अमृतसर में ASI सुखचैन सिंह पर फायरिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इससे पहले जोगा, हरजीत और जसवंत सिंह पर भी हमले किए गए थे. जानिए क्या है पूरा मामला.

Advertisement
X
इस मामले को लेकर पंजाब की सियासत भी गर्म है (फोटो-ITG)
इस मामले को लेकर पंजाब की सियासत भी गर्म है (फोटो-ITG)

पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर की जा रही गोलीबारी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ताजा मामला अमृतसर का है, जहां रविवार शाम ड्यूटी से घर लौट रहे ASI सुखचैन सिंह पर तीन बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी.

सुखचैन सिंह अमृतसर में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) में तैनात हैं. गोली उनके बाएं कंधे और बांह को छूकर निकल गई और उनकी जान बच गई. पुलिस ने केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की कई एंगल से जांच की जा रही है.

यह घटना ऐसे समय हुई है जब पिछले कुछ महीनों में पंजाब में पुलिसकर्मियों पर कई हमले सामने आए हैं. 24 मई 2026 को अमृतसर के पास ड्यूटी पर जा रहे ट्रेफिर पुलिस के ASI जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 

वह दोपहिया वाहन से अमृतसर शहर की ओर जा रहे थे, तभी हमलावरों ने फायरिंग कर दी. जोगा सिंह को कई गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. पुलिस ने उस मामले में व्यक्तिगत रंजिश, टारगेटेड अटैक और रोड रेज समेत अलग-अलग एंगल से जांच की थी.

Advertisement

इसके बाद सितंबर में भी पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की घटनाएं हुईं. 11 सितंबर को ASI जसवंत सिंह पर अमृतसर के अजनाला इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने गोली चलाई थी. गोली उनकी पगड़ी को पार करते हुए सिर को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हुए थे. 

जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में करणबीर सिंह उर्फ नंदी को गिरफ्तार किया था, लेकिन 23 सितंबर को हथियार बरामदगी के लिए ले जाते समय वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया. बाद में 26 सितंबर को पुलिस मुठभेड़ में करणबीर सिंह मारा गया, जबकि इस कार्रवाई में पुलिसकर्मी भी घायल हुए.

18 सितंबर को अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या ने इस सिलसिले को और गंभीर बना दिया. हरजीत सिंह PCR ड्यूटी पर थे और भट्ठा-भगतांवाला अनाज मंडी के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग की थी. गंभीर रूप से घायल हरजीत सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. 

इसके कुछ ही दिन बाद 25 सितंबर को चंडीगढ़ पुलिस के हेड कांस्टेबल नितिन कुमार की सेक्टर-22 स्थित घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने उनके बेटे को गिरफ्तार किया और शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई.

Advertisement

ASI सुखचैन सिंह पर ताजा हमले के बाद पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया पोस्ट में जोगा सिंह, हरजीत सिंह, जसवंत सिंह और चंडीगढ़ के हेड कांस्टेबल नितिन की घटनाओं का जिक्र करते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा है. 

उन्होंने इन घटनाओं को राज्य में कानून-व्यवस्था के कथित संकट से जोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की. हालांकि, इन घटनाओं के पीछे अलग-अलग मामलों में अलग-अलग परिस्थितियां और जांच के पहलू हैं, इसलिए इन्हें एक ही आपराधिक नेटवर्क से जोड़ने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.

उधर, बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 48 घंटे के भीतर चार हत्याएं हुई हैं. पात्रा ने अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैट संधू की हत्या और लुधियाना में एक पूर्व सरपंच समेत तीन अन्य हत्याओं का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की हत्या और उन पर लगातार हो रहे हमले भी आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सरकार की क्षमता पर सवाल खड़े करते हैं.

पात्रा ने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी जवाब मांगा. उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने उन आरोपों की सीबीआई जांच का आदेश दिया था, जिनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी रणबीर सिंह घुमन और कुछ अन्य अधिकारियों पर कथित तौर पर रिश्वत के बदले सरकारी लाभ दिलाने के लिए बिचौलियों के रूप में काम करने के आरोप लगाए गए थे. बीजेपी प्रवक्ता ने भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री के करीबी अधिकारियों की कथित भूमिका को लेकर सफाई मांगी.

Advertisement

संबित पात्रा ने अरविंद केजरीवाल पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह की घटनाएं किसी बीजेपी शासित राज्य में होतीं तो केजरीवाल संबंधित सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते. पात्रा ने इसी संदर्भ में पंजाब की घटनाओं पर आम आदमी पार्टी और राज्य सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों पर जवाब देने की मांग की.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement