scorecardresearch
 

वीडियो कॉल, 25 दिन डिजिटल अरेस्ट... ग्वालियर के डॉक्टर से 2.5 करोड़ की ठगी की पूरी कहानी

ग्वालियर में 90 वर्षीय रिटायर्ड एयर फोर्स डॉक्टर से साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये ठग लिए. आरोपियों ने 25 जनवरी को फोन कर उनके दस्तावेज अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने की बात कही और वीडियो कॉल के जरिए लगातार दबाव बनाया. लगभग 25 दिनों में अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई. बैंक की सतर्कता से मामला खुला, जिसके बाद पीड़ित ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई.

Advertisement
X
ग्वालियर में 90 साल के रिटायर्ड एयर फ़ोर्स डॉक्टर से कथित तौर पर 2.5 करोड़ रुपये की ठगी हुई. Photo ITG
ग्वालियर में 90 साल के रिटायर्ड एयर फ़ोर्स डॉक्टर से कथित तौर पर 2.5 करोड़ रुपये की ठगी हुई. Photo ITG

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 90 वर्षीय रिटायर्ड एयर फोर्स डॉक्टर के साथ बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि उन्हें करीब 25 दिन तक डिजिटल अरेस्ट जैसा माहौल बनाकर लगभग 2.5 करोड़ रुपये ठग लिए गए. शिकायत के अनुसार, 25 जनवरी को डॉक्टर को एक फोन कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को एक जांच एजेंसी से जुड़ा बताया. उसने कहा कि डॉक्टर के दस्तावेज अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल हुए हैं और उन्हें गिरफ्तारी व कानूनी कार्रवाई की धमकी दी.

वीडियो कॉल पर बनाया दबाव
ठगों ने 'ऑनलाइन निगरानी' की प्रक्रिया का बहाना बनाकर डॉक्टर को लगातार वीडियो कॉल और संपर्क में रखा. उन्होंने ऐसा माहौल बनाया कि डॉक्टर को लगा वह किसी ऑफिसियल प्रोसेस से गुजर रहे हैं. गोपनीयता और कानूनी परिणामों का हवाला देकर उन्हें परिवार को कुछ भी न बताने के लिए कहा गया.

मानसिक दबाव बनाकर ट्रांसफर कराए पैसे
आरोप है कि उम्र और अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपियों ने लगातार मानसिक दबाव बनाया और धीरे-धीरे अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करवा ली. करीब 25 दिनों में लगभग 2.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर हो गए.

बैंक अलर्ट से खुला मामला
मामला तब सामने आया जब बैंक अधिकारियों ने असामान्य रूप से बड़े लेनदेन को फ्लैग किया. बैंक मैनेजर ने जब इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर करने की वजह पूछी तो नारायण महादेव ने पूरी बात बताई और उन्हें समझ आया कि वह साइबर अपराधियों के शिकार हो गए हैं. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.

Advertisement

एसपी ने क्या कहा?
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि 90 वर्षीय रिटायर्ड एयर फोर्स अधिकारी को 25 जनवरी को कॉल आया था. कॉलर ने अलग-अलग एजेंसियों का नाम लेकर उन्हें डराया और कहा कि उनके दस्तावेज से बड़ा फ्रॉड हुआ है. इसके बाद उनके खाते से बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई. बैंक मैनेजर के सवाल उठाने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement