scorecardresearch
 

हैदराबाद में नेपाली मूल की महिला की संदिग्ध मौत, घरेलू विवाद के बाद पार्क में मिली लाश

हैदराबाद के बाग अंबरपेट इलाके में नेपाल मूल की महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई. महिला की शिनाख्त कला सावंत के तौर पर हुई है. उसका शव संदिग्ध हालत में मिला. पुलिस घरेलू विवाद के एंगल से मामले की जांच कर रही है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है (सांकेतिक फोटो-ITG)
पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है (सांकेतिक फोटो-ITG)

हैदराबाद के बाग अंबरपेट इलाके में सोमवार तड़के संदिग्ध हालात में एक महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान नेपाल मूल की कला सावंत के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला का शव कॉलोनी के अंदर बने एक पार्क में मिला. पुलिस इस मामले को संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, कला सावंत अपने पति शेर बहादुर सावंत के साथ सेंट्रल एक्साइज कॉलोनी, बाग अंबरपेट में रहती थी. शेर बहादुर सावंत एक अपार्टमेंट में वॉचमैन के तौर पर काम करता है. बताया जा रहा है कि रविवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी घरेलू झगड़े के बाद महिला तनाव में थी. सोमवार सुबह उसका शव पार्क में मिलने से परिवार और आसपास के लोग सन्न रह गए.

जांच में जुटी पुलिस को शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस को शक है कि घरेलू विवाद के चलते महिला ने यह कदम उठाया हो सकता है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत की सही वजह सामने आ सके. पुलिस आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है.

Advertisement

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध मौत का केस दर्ज कर लिया है. जांच अधिकारी घटनास्थल से मिले सबूतों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. इस घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement