scorecardresearch
 

दिल्ली में नकली नोटों की सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2.65 लाख रुपये की जाली नोट बरामद

दिल्ली के पहाड़गंज में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2,65,100 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं. आरोपी एक लाख की जाली करेंसी के बदले असली 25 से 30 हजार रुपये लेने की फिराक में थे. पढ़ें इन शातिर तस्करों की पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

दिल्ली पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के पहाड़गंज थाना पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 लाख 65 हजार 100 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं. 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 36 वर्षीय दिनेश कुमार झा और 20 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नकली नोटों की खेप लेकर दिल्ली पहुंचे थे और यहां इन्हें खपाने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे.

पुलिस को 5 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि पहाड़गंज इलाके में दो लोग नकली नोटों की सप्लाई करने के इरादे से आए हुए हैं. सूचना मिलने के बाद पहाड़गंज थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बनाई. एसआई एस.एन. ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित नीलम गेस्ट हाउस में छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया.

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 2 लाख 65 हजार 100 रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद हुई. बरामद जाली नोटों में 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल हैं. नोटों की शुरुआती जांच के लिए मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया. दोनों टीमों ने बरामद नोटों की जांच की, ताकि उनकी नकली होने के सबूत जुटाए जा सकें.

Advertisement

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नकली नोट बेचने के इरादे से दिल्ली आए थे. उनकी योजना एक लाख रुपये की नकली करेंसी के बदले 25 से 30 हजार रुपये की असली करेंसी लेने की थी. इसके लिए दोनों दिल्ली में ऐसे ग्राहक की तलाश कर रहे थे, जो उनसे नकली नोटों की खेप खरीद सके. हालांकि, इससे पहले कि वे किसी ग्राहक तक पहुंच पाते, पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें ये नकली नोट कथित तौर पर S नाम के एक शख्स ने सप्लाई किए थे. पुलिस अब इस कथित सप्लायर की पहचान और उसकी भूमिका की जांच कर रही है. 

साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली करेंसी कहां तैयार की गई थी और इसे दिल्ली तक किस रास्ते से पहुंचाया गया. पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. फिलहाल जांच एजेंसियां नकली नोटों के पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी दिनेश कुमार झा पहले भी नकली करेंसी से जुड़े मामले में शामिल रहा है. उसके खिलाफ साल 2023 में दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में नकली नोटों से संबंधित एक मामला दर्ज हुआ था. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले से किसी नकली करेंसी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था या नहीं.

Advertisement

फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया है. अब जांच का मुख्य फोकस नकली नोटों की चेन, इन्हें तैयार करने वाले लोगों और दिल्ली में इनकी सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement