देहरादून के रायपुर इलाके में ट्रिपल मर्डर की वारदात से पूरा शहर दहल उठा. विष्णुलोक कॉलोनी में एक बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, तीनों पर पेचकस से हमला किया गया था. इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्लंबर राजकुमार को वारदात के कुछ ही घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपति के घर में प्लंबिंग का काम कर रहा था.
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश चावला, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी चावला और 48 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है. मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे पड़ोसियों ने तीनों को घर के अंदर खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रेमेंद्र डोभाल समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, मंगलवार को भी बुजुर्ग दंपति ने प्लंबिंग के काम के लिए राजकुमार को अपने घर बुलाया था. काम पूरा होने के बाद पैसे को लेकर उनके बीच विवाद हो गया.
आरोप है कि इसी विवाद के बाद राजकुमार ने बुजुर्ग दंपति पर पेचकस से हमला कर दिया. घरेलू सहायिका शीला बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पेमेंट विवाद की बात सामने आई है.
CCTV फुटेज की जांच में पता चला कि आरोपी करीब दोपहर 1 बजे अकेले बुजुर्ग दंपति के घर की ओर जाता दिखाई दिया था. पुलिस के मुताबिक, वह पहले वहां से चला गया और बाद में हत्या या लूट की नीयत से वापस आया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक सोने की चेन बरामद की है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस भी बरामद कर लिया गया है.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीनों पर हमला करने की बात कबूल की है, ऐसा पुलिस अधिकारियों ने बताया. पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला के परिवार की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. मौका-ए-वारदात से फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने भी सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने CCTV फुटेज और आसपास के इलाके की गतिविधियों की भी जांच की है.