scorecardresearch
 

Barabanki Shootout: नीली कार, दो हमलावर और कई राउंड फायरिंग... ऐसे मारा गया मुख्तार अंसारी गैंग का पूर्व शूटर बॉबी

यूपी के बाराबंकी में मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शूटर बॉबी उर्फ शोएब किदवई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बाइक सवार हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज की छानबीन और सभी एंगल से जांच कर रही है.

Advertisement
X
बॉबी उर्फ शोएब को करीब दस गोली मारी गईं (फोटो-ITG)
बॉबी उर्फ शोएब को करीब दस गोली मारी गईं (फोटो-ITG)

Barabanki Shooting Case: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दोपहर का वक्त था, जब अचानक गोलियों की आवाज ने माहौल को दहला दिया. मामला लखनऊ-अयोध्या हाईवे के असैनी मोड़ का है, जहां बाइक सवार दो हमलावरों ने एक कार को निशाना बनाया. कार के ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. कुछ ही पलों में सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हमलावर मौके से फरार हो चुके थे. बाद में पता चला कि मृतक की पहचान मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शूटर बॉबी उर्फ शोएब किदवई के रूप में हुई है.

कार में मिली गोलियों से छलनी लाश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोपहर करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच सूचना मिली कि असैनी मोड़ पर एक व्यक्ति को गोली मारी गई है. जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक नीली कार खड़ी मिली. ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति को गोली लगी हुई थी और उसकी हालत गंभीर थी. पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटनास्थल को घेरकर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके से सबूत जुटाए और कार की बारीकी से जांच की.

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जिला ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों ने बताया कि दोपहर करीब 1:52 बजे पुलिस घायल व्यक्ति को अस्पताल लेकर पहुंची. इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. आनंद ने पुष्टि की कि व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया था. शरीर पर कितनी गोलियां लगी थीं, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा. फिलहाल लाश को सुरक्षित रखकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही चोटों की सटीक जानकारी सामने आएगी.

Advertisement

नहीं मिला हमलावरों का सुराग
पुलिस अब इस सनसनीखेज वारदात की हर एंगल से जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. यह भी संभावना जताई जा रही है कि राहगीरों ने घटना देखी हो, इसलिए प्रत्यक्षदर्शियों की तलाश की जा रही है. फिलहाल हमलावरों के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर ही हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

कई एंगल से हो रही जांच
मृतक की पहचान मुख्तार अंसारी गैंग के शूटर बॉबी उर्फ शोएब किदवई के रूप में होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस गैंगवार, पुरानी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. अभी तक किसी हमलावर की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी. फिलहाल बाराबंकी में इस वारदात को लेकर तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement