दुनिया में सबसे ज्यादा कौन-कौन सी कंपनी कमाई करती है. पिछले 12 महीनों की कमाई के आधार पर दुनिया की सबसे मुनाफेमंद कंपनियों की एक लिस्ट सामने आई है. इस लिस्ट में टॉप पर अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों का दबदबा है. वहीं एनर्जी और सेमीकंडक्टर सेक्टर्स की कंपनियों ने भी इसमें मजबूत जगह बनाई है. इस सूची की टॉप-12 में भारत की एक भी कंपनी शामिल नहीं है. आइए जानते हैं कि ये कंपनियां किस देश की हैं, इनका मुख्य कारोबार क्या है.
Alphabet: अमेरिका की इस कंपनी को पिछले 12 महीनों में करीब $160.2B का नेट इनकम हुआ है. यह गूगल की पैरेंट कंपनी है. इसका मुख्य कारोबार इंटरनेट सर्च, ऑनलाइन विज्ञापन, क्लाउड कंप्यूटिंग, यूट्यूब और एंड्रॉइड ऑपरेटिंग सिस्टम है, एआई के दौर में इसकी कमाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है.
Microsoft: यह अमेरिकी कंपनी सॉफ्टवेयर, क्लाउड कंप्यूटिंग (Azure), पर्सनल कंप्यूटर और गेमिंग के सेक्टर्स में काम करती है. हाल के दिनों में ओपनएआई (Chatty) के साथ साझेदारी और एआई टूल्स में कामयाबी ने इसका मुनाफा काफी बढ़ा है. कंपनी को पिछले एक साल में शुद्ध मुनाफा करीब $125.2B हुआ है.
Apple: इस अमेरिकी कंपनी को पिछले एक साल में $122.6B (Net Income) हुआ है. आईफोन, मैकबुक, आईपैड और वियरेबल्स बनाने वाली यह कंपनी कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुनिया में सबसे बड़ा नाम है. इसके अलावा ऐप स्टोर और आईक्लाउड जैसी इसकी सर्विसेज भी भारी मुनाफा कमाती हैं.
NVIDIA: यह कंपनी इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती टेक कंपनी बन चुकी है. यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और गेमिंग के लिए जरूरी ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) और एआई चिप्स बनाती है. इस अमेरिकी कंपनी को 12 महीने में $120.1B का शुद्ध मुनाफा हुआ है.
Saudi Aramco: सऊदी अरब की इस कंपनी ने एक साल में $99.3B नेट इनकम जेनेरेट किया है. यह दुनिया की सबसे बड़ी कच्चे तेल उत्पादक कंपनियों में से एक है. हाइड्रोकार्बन सेक्टर में इसका एकाधिकार इसे दुनिया की सबसे अमीर गैर-तकनीकी कंपनी बनाता है.
Amazon: अमेरिकी कंपनी अमेजन को एक साल में $90.8B का नेट इनकम हुआ है. दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी होने के साथ-साथ इसका सबसे बड़ा मुनाफा इसके क्लाउड प्लेटफॉर्म अमेजन वेब सर्विसेज, डिजिटल स्ट्रीमिंग और विज्ञापन से आता है.
Berkshire Hathaway: इस अमेरिकी कंपनी को एक साल में $72.5B का शुद्ध मुनाफा हुआ है, दिग्गज निवेशक वारेन बफे की यह होल्डिंग कंपनी इंश्योरेंस (Geico), यूटीलिटीज, रेलरोड और विभिन्न वैश्विक कंपनियों (जैसे Apple, कोका-कोला) में बड़े निवेश के जरिए मुनाफा कमाती है.
Meta Platforms: यह भी अमेरिकी कंपनी है, और इसने एक साल के दरम्यान $70.6B नेट इनकम जेनरेट किया है. फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और थ्रेड्स की पैरेंट कंपनी है. इसकी कमाई का मुख्य जरिया डिजिटल विज्ञापन है.
TSMC: 'ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी' दुनिया की सबसे बड़ी स्वतंत्र सेमीकंडक्टर फाउंड्री है. एप्पल, एनवीडिया और एएमडी जैसी कंपनियों के हाइटेक चिप्स यही कंपनी बनाती है. इस तइवानी कंपनी ने एक साल में शुद्ध मुनाफा करीब $62.5B बनाया है.
JPMorgan Chase: यह अमेरिका का सबसे बड़ा और दुनिया के टॉप इंवेस्टमेंट बैंकों में से एक है. इस अमेरिकी कंपनी को एक साल में करीब $58.6B का शुद्ध मुनाफा हुआ है.
Samsung: दक्षिण कोरिया की यह कंपनी स्मार्टफोन, मेमोरी चिप्स, डिस्प्ले और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में वैश्विक लीडर है. इसने एक साल में करीब $58.5B शुद्ध मुनाफा कमाया है.
SK Hynix: यह भी दक्षिण कोरिया की कंपनी है. इस कंपनी को 12 महीने में $52.7B नेट इनकम हुआ है. यह दक्षिण कोरिया की दूसरी सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी है, जो विशेष रूप से AI सर्वरों में इस्तेमाल होने वाली हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) चिप्स बनाने के लिए जानी जाती है.