मिडिल ईस्ट टेंशन के चलते पैदा हुई एलपीजी की किल्लत को दूर करने के लिए सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं. आपूर्ति सुचारू रहे इसके लिए हाल ही में एक घर एक गैस कनेक्शन (One Household On Gas Connection) का नियम भी लाई है. सरकार के इस LPG Rule ने गैस उपभोक्ताओं में दहशत पैदा कर दी है. लेकिन सभी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. आइए जानते हैं किन कंडीशंस में आपको अपना LPG Cylinder सरेंडर नहीं करना होगा.
क्या है 'एक घर एक गैस कनेक्शन' रूल?
सरकार के नियम के मुताबिक, अगर किसी एलपीजी उपयोगकर्ता के घर में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG कनेक्शन है, तो फिर उसे अपनी LPG Cylinder सरेंडर करना होगा. इसके लिए सरकार ने पीएनजी कनेक्शन से 30 दिन की डेडलाइन सेट की है, अगर इस समयसीमा में सिलेंडर को सरेंडर नहीं किया जाता, तो इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का कनेक्शन कैंसिल कर दिया जाएगा.
दरअसल, जिन परिवारों के पास पहले से ही पीएनजी कनेक्शन हैं और उसके साथ ही एलपीजी कनेक्शन भी ले रखा है, उनके लिए ये सरकारी नियम लाया गया है. एलपीजी और पीएनजी दोनों कनेक्शन एक साथ रखना संशोधित गैस नियंत्रण आदेश का उल्लंघन है.
सरकार के आदेश के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियां भी एक्शन मोड में हैं और एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन डेटाबेस की जांच कर दोहरे गैस कनेक्शन वाले ग्राहकों की पहचान कर रही हैं.
ट्रांसफर वाउचर का मिलता है ऑप्शन
अगर आपके पास LPG-PNG दोनों कनेक्शन हैं, तो आपके पास अपने पीएनजी कनेक्शन के सक्रिय होने के 30 दिनों के भीतर या तो एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा या फिर ट्रांसफर वाउचर प्राप्त करने का विकल्प भी मौजूद है. ट्रांसफर वाउचर आपको गैर-एलपीजी क्षेत्र में ट्रांसफर होने पर अपना एलपीजी कनेक्शन दोबारा प्राप्त करने की परमिशन देता है.
इन कंडीशन में नहीं करना होगा सरेंडर
एलपीजी और पीएनजी दोनों कनेक्शन होने का मतलब यह नहीं है कि आपका एलपीजी कनेक्शन तुरंत रद्द कर दिया जाएगा. अगर आपके शहर का गैस प्रोवाइडर यह प्रमाणित करता है कि संरचनात्मक, सुरक्षा या बुनियादी ढांचे संबंधी परेशानियों के चलते आपके क्षेत्र में पीएनजी सप्लाई तकनीकी रूप से संभव नहीं हो पा रही है, तो ऐसे परिवार एलपीजी का उपयोग जारी रख सकते हैं.
इसके अलावा, ऐसे एलपीजी यूजर, जिन्हें अधिकृत कमर्शियल उद्देश्यों के लिए एलपीजी की आवश्यकता होती है, उन्हें अपने एलपीजी सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है.
आपकी LPG सप्लाई कब बंद होगी?
ये जान लेना जरूरी है कि कब आपकी एलपीजी सप्लाई को रद्द किया जा सकता है. अगर आपके क्षेत्र में PNG पाइपलाइन उपलब्ध है और आपको नोटिस अवधि दिए जाने के बावजूद आपने PNG पाइपलाइन पर स्विच नहीं किया है, तो एलपीजी की आपूर्ति बंद की जा सकती है. वहीं जिन घरों में PNG पाइपलाइन सक्रिय है, उन्हें घरेलू एलपीजी सिलेंडर बुक करने या रिफिल करने से रोका जा रहा है.