क्यूपिड लिमिटेड (Cupid Ltd) के शेयरों ने पिछले 5 वर्षों में छप्पर फाड़कर रिटर्न दिया है. 5 साल पहले किसी ने सोचा भी नहीं होगा, कि देखते ही देखते ये स्टॉक मल्टीबैगर बन जाएगा.
दरअसल, पांच साल में क्यूपिड के शेयर ने 14,620% रिटर्न दिया है. अगर किसी निवेशक ने 5 साल पहले क्यूपिड के शेयरों में ₹10,000 का निवेश किया होता, तो कॉर्पोरेट एक्शन्स (बोनस और स्प्लिट) के एडजस्ट के साथ आज उस निवेश का मूल्य बढ़कर लगभग ₹14.7 लाख से अधिक हो गया होता.
पिछले एक साल में क्यूपिड के शेयर ने निवेशकों 701.05% का रिटर्न दिया है. यानी करीब 8 गुना पैसा किया है. जबकि पिछले तीन साल में शेयर ने 8,200% रिटर्न दिया है. फिलहाल क्यूपिड के शेयर 344.45 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.
कई टुकड़ों में बंटा शेयर
अप्रैल 2024 में कंपनी ने अपने ₹10 फेस वैल्यू वाले शेयर को ₹1 में स्प्लिट (1:10) किया और साथ ही 1:1 का बोनस शेयर भी दिया. फिर मार्च 2026 में कंपनी ने 4:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी किए. इन कॉरपोरेट फैसलों की वजह से 1 शेयर कई शेयरों में विभाजित हो गया, जिससे चार्ट पर 2022 की पुरानी कीमत घटकर ₹2 से ₹10 के समायोजित स्तर पर आ गई.
अगर आप चार्ट देखें, तो साल 2022 में इसका भाव 2 रुपये के आसपास दिखाई देता है. लेकिन असल में 2022 में इसका शेयर ₹250 के आसपास ट्रेड कर रहा था. चार्ट पर यह ₹2 इसलिए दिखता है, क्योंकि शेयर बाजार के ऐतिहासिक चार्ट्स में कॉर्पोरेट एक्शन्स (स्टॉक स्प्लिट और बोनस) के अनुसार पुरानी कीमतों को समायोजित कर दिया जाता है.
कंपनी के कारोबार के बारे में
कंपनी का बड़ा राजस्व वैश्विक निर्यात (UNFPA, WHO और दक्षिण अफ्रीकी सरकारों के टेंडरों) और भारत में अपने B2C FMCG नेटवर्क के विस्तार से आता है. पिछले कुछ समय से कंपनी के राजस्व और शुद्ध लाभ में मजबूत बढ़ोतरी देखी गई है. हालांकि लगातार तेजी के बाद इसका P/E रेशियो काफी बढ़ चुका है, जो इसे वैल्यूएशन के लिहाज से थोड़ा महंगा बनाता है.
दरअसल, क्यूपिड लिमिटेड मुख्य रूप से मेल और फीमेल कंडोम, वॉटर-बेस्ड ल्यूब्रिकेंट्स, IVD किट्स और FMCG वेलनेस उत्पादों के निर्माण और निर्यात में लगी एक प्रमुख भारतीय कंपनी है.
(नोट: शेयर बाजार में निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें)