scorecardresearch
 

Ground Report: 'सोना मत खरीदो...' PM मोदी की अपील से खतरे में ज्‍वेलरी मार्केट, पसरा सन्नाटा!

PM मोदी द्वारा एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद सर्राफा बाजार में मंगलवार को सन्नाटा पसरा रहा. सोने की खरीदारी में ही बड़ी गिरावट आई है.

Advertisement
X
ज्‍वेलरी मार्केट में सन्नाटा. (Photo: ITG/ChatGPT)
ज्‍वेलरी मार्केट में सन्नाटा. (Photo: ITG/ChatGPT)

देश में सोने की खरीदारी शादी और त्‍यौहारों के दौरान जमकर की जाती है, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की है. इस अपील के बाद गोल्‍ड मार्केट के लिए बड़ा संकट पैदा हो गया है. 

ज्‍वेलरी दुकानों से सर्राफा बाजार तक लोगों का आना-जाना कम हो चुका है. कुछ लोग जा भी रहे हैं तो कम सोना या चांदी वाली ज्‍वेलरी को खरीदना पसंद कर रहे हैं. सोने की मांग तेजी से घटी है, जिससे खरीदारी में बड़ी गिरावट आई है. 

12 मई को नॉर्थ इंडिया के सबसे बड़े सराफा मार्केट में सन्नाटा पसरा रहा. खरीदारों की संख्या में कमी दर्ज की गई. हालांकि, सोमवार को पीएम मोदी की अपील के बाद मिला-जुला असर दिखा था. 

20 फीसदी तक की आई गिरावट
'आजतक' से सर्राफा व्यापारी विवेक गुप्ता का कहना है कि युद्ध जैसे हालात के चलते कारोबार पहले से ही प्रभावित था, लेकिन प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद बिक्री में करीब 20 फीसदी और गिरावट आ गई है. उन्होंने बताया कि जो व्यापार पहले लगभग 40 फीसदी पर चल रहा था, वह अब घटकर 20-25 फीसदी तक पहुंच गया है. 

Advertisement

विवेक गुप्ता ने कहा कि सरकार को डिजिटल गोल्ड की खरीद पर प्रतिबंध लगाने पर भी विचार करना चाहिए. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री ने देशहित में बात कही है, लेकिन इसके साथ एक संतुलित गोल्ड पॉलिसी भी बनाई जानी चाहिए. 

पुराने गोल्‍ड की पॉल‍िसी की मांग 
उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार ओल्ड गोल्ड पॉलिसी लेकर आए, ताकि लोग नया पैसा खर्च करने के बजाय घर में रखे पुराने सोने को रिसाइकल कर उसी से नई ज्वैलरी बनवा सकें. उन्होंने कहा कि व्यापारी भी यही चाहते हैं कि लोग नया गोल्ड खरीदने के बजाय घर में पड़े पुराने सोने की री-मेकिंग कराकर नई ज्वैलरी तैयार करवाएं. 

वहीं, कन्नौज से कानपुर अपनी मां के लिए सोना खरीदने आए हिमांशु वर्मा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना है, लेकिन मां को सोना दिलाने की इच्छा थी, इसलिए वह खरीदारी करने पहुंचे हैं. 

पीएम ने क्‍यों कही सोना नहीं खरीदने की अपील? 
दरअसल, ईरान-अमेरिका के चलते ग्‍लोबल स्‍तर पर संकट की स्थिति बनी हुई है. तेल की कीमत तेजी से ऊपर जा रही है और भारतीय रुपये पर दबाव बढ़ रहा है. भारतीय रुपया रिकॉर्ड निचले स्‍तर पर पहुंच गया है, जिस कारण भारत को तेल और अन्‍य जरूरतों के लिए ज्‍यादा कीमत चुकानी पड़ रही है.

Advertisement

वहीं भारत अपनी गोल्‍ड जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी तरह से आयात पर निर्भर है. ऐसे में फॉरेक्‍स रिजर्व को मेंटेन रखने और करेंट अकाउंट डेफिसिट को स्थिर रखने के लिए 1 साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की गई है. सोना नहीं खरीदना अर्थव्यवस्था और रुपये को मजबूती दे सकते हैं. 

सर्राफा बाजार के दुकानदारों के लिए बड़ा संकट 
पीएम मोदी की अपील के बाद मुंबई के मशहूर ज्‍वेलरी बाजार में 'आजतक' की टीम ने कारोबारियों और ग्राहकों से बातचीत की. ज्वेलरी दुकानदार कुमार जैन का कहना है कि सोने के दामों में पिछले कुछ दशकों में भारी उछाल आया है. दुकानदार का कहना है कि पूरे देश में करीब 3 करोड़ से ज्यादा लोग सर्राफा व्यापार से जुड़े हुए हैं. अब यह सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की रोजी-रोटी का जरिया भी है. ऐसे में इनके लिए एक बड़ा संकट पैदा हो रहा है. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement