रईसों की संपत्ति में लगातार इजाफा हो रहा है और एशिया के सबसे अमीर परिवार और भी ज्यादा अमीर होते जा रहे हैं. इनमें से कई की दौलत में तगड़ा इजाफा एआई सेक्टर में कदम बढ़ाने के चलते हुआ है. जबकि दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI के बारे में बात करने में व्यस्त है, तमाम कारोबारी घराने चुपचाप इससे जुड़े उद्योगों से कमाई करने में लगे हैं. यही कारण है कि ग्लोबल मार्केट अलग-अलग कारणों से अस्थिर होने के बावजूद इनकी कंबाइंड नेटवर्थ उछल रही है.
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया के 10 सबसे धनी परिवारों (Asia's Top-10 Richest Families) की संपत्ति में 2026 में तेज इजाफा देखने को मिला है. इसका एक बड़ा कारण एआई से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर, एनर्जी और कच्चे माल की बढ़ती डिमांड है. इसके अलावा हांगकांग में रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी सुधार से भी अमीरों की दौलत बढ़ी है. एशिया के सबसे धनी परिवारों की लिस्ट में पहले पायदान पर भारतीय अरबपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) काबिज हैं.
एशिया में मुकेश अंबानी का जलवा
Mukesh Ambani परिवार इस लिस्ट में पहले पायदान पर है. इनकी कुल नेटवर्थ 89.7 अरब डॉलर है. अंबानी की प्रमुख और मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज, लगातार अपना विस्तार एनर्जी, टेलीकॉम, रिटेल और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में कर रही है. AI में रिलायंस के बढ़ते कदम का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुकेश अंबानी ने बीते फरवरी महीने में ही अगले 7 साल में एआई इंफ्रा में 120 अरब डॉलर तक निवेश की योजना का खुलासा किया था.
दूसरे और तीसरे नंबर पर ये फैमिली
दूसरे नंबर पर सन हंग काई प्रॉपर्टीज को संभालने वाली क्वोक फैमिली (Kwok Family) है और इसकी कंबाइंड नेटवर्थ 50.2 अरब डॉलर है. इस परिवार की संपत्ति हांगकांग के प्रॉपर्टी मार्केट से जुड़ी हुई है, जिसमें सुधार के संकेत दिख रहे हैं. इससे साफ है कि आज भी संपत्ति बनाने में रियल एस्टेट की अहम भूमिका है.
तीसरे पायदान पर देखें, तो टेक सेक्टर से जुड़े सैमसंग के ली परिवार का नाम आता है और इस फैमिली की नेटवर्थ 45.5 अरब डॉलर तक पहुंच गई है. Samsung दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक है, खासकर सेमीकंडक्टर और स्मार्टफोन के क्षेत्र में इसका दबदबा लंबे समय से कामय है.
लिस्ट में ये नाम भी टॉप पर
ब्लूमबर्ग की एशिया के सबसे धनी परिवारों की लिस्ट में चौथे नंबर पर चीरावानोंट परिवार (Chearavanont Family) का नाम आता है. चारोएन पोकफैंड ग्रुप का संचालन करने वाली इस फैमिलि की नेटवर्थ 44.8 अरब डॉलर है. छोटे से बीज बिजनेस से शुरू हुआ कारोबार आज फूड, रिटेल से लेकर टेलीकॉम सेक्टर तक फैल चुका है और ये एक बड़ी ग्लोबल कंपनी बन गई है, जो लाखों रोजगार देती है.
पांचवां सबसे धनी परिवार एल्युमीनियम बिजनेस से जुड़ा झांग परिवार है और इसकी कुल संपत्ति 44.7 अरब डॉलर तक पहुंचा गई है. ये फैमिली चाइना होंगकियाओ ग्रुप को संचालित करती है और इसका नेतृत्व झांग बो करते हैं.
ताइवान-थाइलैंड की फैमिली का दबदबा
अमीर परिवारों की लिस्ट में ताइवान की त्साई फैमिली का नाम भी शामिल है और 34.3 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ ये छठे स्थान पर है. इंश्योरेंस और बैंकिंग सर्विसेज सेक्टर में परिवार की कैथे फाइनेंशियल और फुबोन फाइनेंशियल लगातार ग्रोथ कर रही हैं. सातवें नंबर पर योविद्या फैमिली आती है और इसकी नेटवर्थ 32.9 अरब डॉलर है. ये परिवार Red Bull की ग्लोबल सक्सेस के लिए पहचाना जाता है, जो वैश्विक ब्रांड बन चुका है. आठवें पायदान पर बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी इंडोनेशिया की हार्टोनो फैमिली है और इसकी संपत्ति बढ़कर 30.2 अरब डॉलर हो गई है.
लिस्ट में दो और भारतीय परिवार
Richest Families In Asia List में मुकेश अंबानी फैमिली के अलावा भारत की दो अन्य बिजनेस फैमिली भी शामिल हैं. इनमें
29.5 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ मिस्त्री फैमिली है, शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप इंफ्रा और रियल एस्टेट में बड़ा नाम है. उनकी ठीक बाद 29.4 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ जिंदल परिवार (Jindal Family) का नाम आता है, जो ओपी जिंदल ग्रुप का संचालन करती है और स्टील, एनर्जी से लेकर सीमेंट सेक्टर तक में दबदबा रखती है.